अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर हमला,लगाया चुनाव आयोग से साठगांठ का आरोप

Abhishek Banerjee: अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पिछली बार तृणमूल यहां हार गयी थी, लेकिन इस बार भाजपा और आइएसएफ दोनों की जमानत जब्त होगी.

Abhishek Banerjee: कोलकाता/डायमंड हार्बर. तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा और आइएसएफ पर तीखा हमला बोला. उन्होंने तृणमूल उम्मीदवार शमीम अहमद के समर्थन में प्रचार करते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाये.

गुप्त बैठक का दावा

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवारों व आयोग के कई अधिकारियों के साथ सागरिका होटल के कमरा नंबर 208 में गुप्त बैठक हुई थी. तृणमूल नेता ने कहा : उन्हें लगता है कि कोई नहीं देख रहा. मैं आसमान से हवा, पत्ता-पत्ता हर जगह हूं. वे कहां भागेंगे. रेस्टोरेंट से लेकर होटल तक, हर जगह मेरे लोग हैं. उन्होंने कहा कि इस बैठक का वीडियो सामने आया है और पुलिस ने इस पर कार्रवाई भी की है.

आयोग पर लगाये गंभीर आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जांच में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बाद जल्दबाजी में पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया. उनके अनुसार यह कदम जांच को प्रभावित करने के लिए उठाया गया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के तबादले से तृणमूल को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसका कोई असर नहीं होगा.

आइएसएफ पर भी साधा निशाना

अभिषेक बनर्जी ने आइएसएफ को भाजपा की बी-टीम करार दिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन के बावजूद आइएसएफ और माकपा ने नंदीग्राम में अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे उनकी मंशा पर सवाल उठते हैं. उन्होंने नौशाद सिद्दिकी से भाजपा के साथ संभावित समझौते पर सफाई देने की मांग की.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

जीत का किया दावा

भांगड़ सीट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार तृणमूल यहां हार गयी थी, लेकिन इस बार भाजपा और आइएसएफ दोनों की जमानत जब्त होगी. उन्होंने विश्वास जताया कि डायमंड हार्बर से मगराहाट तक तृणमूल की जीत का अंतर और बढ़ेगा.

Also Read: शुभेंदु अधिकारी कर रहे थे भवानीपुर में जनसंपर्क, तभी गूंजने लगा तृणमूल का नारा, मच गया हंगामा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >