कोलकाता. दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र के खासकुमरोखाली युगियारचक गांव में एक किशोरी के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. आरोप है कि फोन पर बातचीत बंद करने से नाराज युवक और उसके परिजनों ने किशोरी की बेरहमी से पिटाई की. पीड़ित किशोरी के परिजनों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
क्या है मामला? : सूत्रों के अनुसार, पीड़िता जीवनतला थाना अंतर्गत नागेरतला गांव की रहने वाली है. उसकी दोस्ती तालदी इलाके के साजिदुल लस्कर नामक युवक से थी. दोनों के बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन हाल ही में किशोरी ने उससे फोन पर बात करना बंद कर दिया था.
कुछ दिनों पहले किशोरी अपनी दीदी के ससुराल, खासकुमरोखाली युगियारचक गांव, आई थी. जब युवक को इस बारे में पता चला, तो उसने कथित तौर पर किशोरी से मिलने की जिद की. आरोप है कि जब किशोरी युवक द्वारा बताये गये स्थान पर पहुंची, तो युवक और उसके माता-पिता ने उसकी पिटाई शुरू कर दी.
किशोरी के साथ क्रूरता: इतना ही नहीं, आरोपियों ने किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके कान में लकड़ी की तिल्ली डालकर यातनाएं दीं. इसके बाद उसे सड़क पर बेसहारा छोड़कर आरोपी और उसके माता-पिता फरार हो गये. स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में किशोरी को देखकर उसके परिजनों को सूचित किया. उसे तुरंत कैनिंग सब-डिविजनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन घटना के बाद से युवक और उसके माता-पिता फरार हैं. पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
