गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार
संवाददाता, कोलकाता
गोल्फग्रीन थाना क्षेत्र में एक महिला को ड्रग्स तस्करी व धनशोधन के मामले में शामिल होने का आरोप लगा कर उसे डिजिटल अरेस्ट करने का भय दिखाकर उससे करीब 47 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को कोलकाता पुलिस के साइबर थाने की पुलिस ने नयी दिल्ली के विवेक विहार से गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम योगेश दुआ (36) है. उसे कोलकाता लाया जा रहा है. आरोपी के दिल्ली स्थित ठिकाने से 1,86,890 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो हार्ड डिस्क, एक लैपटॉप, अलग-अलग बैंकों के आठ चेक बुक, आठ एटीएम कार्ड, चार हजार दिरहम (संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक मुद्रा), एक हजार येन (जापान की मुद्रा), 100 यूएस डॉलर, कई बीमा पॉलिसी, दो पैन कार्ड और कई लोगों के नाम के आधार कार्ड जब्त किये गये हैं. योगेश की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार होने वाले लोगों की संख्या अब 12 हो गयी है.
सूत्रों के अनुसार, गोल्फग्रीन थाने में पीड़िता द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के बाद मामले की जांच में कोलकाता पुलिस का साइबर क्राइम थाना करने लगा. इसके बाद आनंदपुर, पाटुली, नरेंद्रपुर समेत अलग-अलग जगहों पर अभियान चला कर योगेश से पहले गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
