शव को पोस्टमार्टम के लिये मालदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया
मृतक के परिजनों ने आरोपी पत्नी समेत सात के खिलाफ थाने में दर्ज करायी शिकायत
मालदा : जिले में आये दिन गृहवधू की हत्या किये जाने की खबर आती रहती है, लेकिन अब एक ऐसी घटना सामने आयी है जिसमें मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर ही अपने मायकेवालों से मिलकर पति की पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. यह सनसनीखेज घटना मालदा शहर के अतुल मार्केट संलग्न इलाके की है. इस संबंध में परिजनों ने सोमवार को मृत पति दीपक साहा (25) की पत्नी प्रियंका साहा समेत सात लोगों के खिलाफ इंगलिशबाजार थाना में शिकायत दर्ज करायी है.
परिजनों का आरोप है कि दीपक की नृशंस तरीके से पीट पीटकर हत्या की गयी है. उसके शरीर पर जगह-जगह मिले गंभीर चोट के निशान इसका प्रमाण है. वहीं पुलिस सूत्र के अनुसार पत्नी सहित सभी आरोपी फरार हैं. उनकी तलाश की जा रही है. शव को अंत्यपरीक्षण के लिये मालदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि अंत्यपरीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृत दीपक साहा पेशे से टोटो चालक था. सात साल पहले उसकी शादी सिमेंटी रोड निवासी प्रियंका साहा से हुई थी. शादी के बाद से ही दंपती अपने परिवार से अलग किराये के घर में रह रहा था. बताया जा रहा है कि प्रियंका अक्सर अपने मायकेवालों के सहयोग से पति पर अत्याचार करती थी. रविवार रात को दीपक के परिजनों को पड़ोसियों से पता चला कि प्रियंका और उसके मायकेवाले उसके शव को मेडिकल कॉलेज में फेंककर भाग गये हैं.
तब परिजनों ने अस्पताल जाकर देखा कि शव के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान हैं. इस संबंध में मृत दीपक की मां मीना साहा ने पुलिस को बताया कि लंबे समय से प्रियंका अपने पति के साथ किराये के घर में रह रही थी. उनके बेटे पर तरह तरह से अत्याचार किया जाता था. वहीं दीपक का बड़ा भाई काजल साहा ने आरोप लगाया है कि दीपक की पीट पीटकर हत्या की गयी है. उसके बाद उसे फांसी पर लटका दिया गया.
