‘बुलबुल’ से पचास हजार करोड़ की क्षति : ममता

कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि प्राकृतिक आपदा से नुकसान का आंकड़ा पचास हजार करोड़ रुपये तक जा सकता है. बनर्जी ने आपदा में मारे गये जिले के पांच लोगों के परिजनों को 2.4-2.4 लाख रुपये के […]

कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि प्राकृतिक आपदा से नुकसान का आंकड़ा पचास हजार करोड़ रुपये तक जा सकता है. बनर्जी ने आपदा में मारे गये जिले के पांच लोगों के परिजनों को 2.4-2.4 लाख रुपये के चेक प्रदान किये.

बुलबुल चक्रवात के कारण कम से कम पंद्रह लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसल बर्बाद होने का संज्ञान लेते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों को राज्य सरकार सभी तरह की सहायता देगी. मुख्यमंत्री ने बशीरहाट में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में कहा, ‘जो कुछ भी मैंने देखा है उससे मुझे लगता है कि बुलबुल चक्रवात ने अत्यधिक तबाही मचायी है.

अत्यधिक से मेरा मतलब वास्तव में बहुत अधिक है.… कोलकाता और राज्य के अन्य स्थानों पर बैठे लोग तबाही का अंदाजा नहीं लगा पायेंगे. मुझे लगता है कि पचास हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.’ ममता ने कहा कि जिन्होंने अपना नाम राज्य सरकार की फसल बीमा योजना में दर्ज कराया है उनके नुकसान की सौ प्रतिशत भरपाई की जायेगी. उन्होंने कहा, ‘कुल 15 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि बर्बाद हुई है. धान की पूरी फसल तबाह हो गयी है.

मैं किसानों को सरकार की ओर से पूरी सहायता का आश्वासन देती हूं. राज्य फसल बीमा नीति के अंतर्गत आने वाले सभी किसानों की सौ प्रतिशत भरपाई की जायेगी.’ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही प्रभावित किसानों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करेगी. सुश्री बनर्जी ने बैठक के दौरान बताया कि बुलबुल चक्रवात के कारण कम से कम नौ लोगों की जान गयी है. मुख्यमंत्री के अनुसार चक्रवात से छह लाख लोग प्रभावित हुए हैं.
और पांच लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गये. उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त हुए घरों की मरम्मत राज्य सरकार की ‘बंगलार बाड़ी’ योजना के अंतर्गत करायी जायेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि चक्रवात से प्रभावित प्रत्येक परिवार को तूफान में भी जलने वाली लालटेन और पांच लीटर केरोसिन तेल उपलब्ध कराया जायेगा. बनर्जी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि वह चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में बोर्ड की परीक्षा दे रहे स्कूली बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराये.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar digital desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >