स्ट्रांड रोड पर तीन मंजिली इमारत की छत गिरी, 2 घायल

मकान मालिक के खिलाफ किरायेदारों का फूटा गुस्सा किरायेदारों ने मेयर व पार्षद से लगायी गुहार कोलकाता : हेयर स्ट्रीट थाना अंतर्गत 20 नंबर स्ट्रैंड रोड स्थित एक तीन मंजिला भवन (जी प्लस टू) की छत अचानक गिर जाने से अफरा-तफरी मच गयी. छत के आधे हिस्से का मलबा भवन की सीढ़ी और नीचे दुकान […]

मकान मालिक के खिलाफ किरायेदारों का फूटा गुस्सा

किरायेदारों ने मेयर व पार्षद से लगायी गुहार
कोलकाता : हेयर स्ट्रीट थाना अंतर्गत 20 नंबर स्ट्रैंड रोड स्थित एक तीन मंजिला भवन (जी प्लस टू) की छत अचानक गिर जाने से अफरा-तफरी मच गयी. छत के आधे हिस्से का मलबा भवन की सीढ़ी और नीचे दुकान पर गिर पड़ा. इस घटना में मोहम्मद दुलाल और मोहम्मद आफताब नामक दो लोग घायल हो गये. मोहम्मद दुलाल को मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है, जबकि आफताब को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया.
जानकारी के अनुसार, यह भवन वर्षों पुराना है. जी प्लस टू वाले भवन में करीब 35 किराये की दुकानें और ऑफिस हैं. घटना की खबर मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग और कोलकाता पुलिस पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि घटना में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है. सूचना पाकर मेयर फिरहाद हकीम, स्थानीय पार्षद संतोष पाठक, तृणमूल नेता राजीव राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. मेयर व पार्षद से किरायेदारों ने बात की और गुहार लगायी कि उनके साथ न्याय किया जाये. कोलकाता नगर निगम ने भवन के चारों तरफ बेरीकेड लगा दिया है.
क्या कहते हैं किरायेदार
सुनील कुमार दत्ता ने कहा कि शाम छह बजे के करीब हम सभी ऑफिस में बैठे थे. अचानक कुछ गिरने की आवाज सुनकर बाहर निकले. बाहर आते ही देखा कि छत का आधा हिस्सा टूट कर नीचे गिरा है. सीढ़ी से किसी के चीखने की आवाज आ रही थी. इस भवन के मालिक महेंद्र जालान हैं.
मालिक की लापरवाही से यह घटना हुई है. मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. भगवान की कृपा है कि किसी की जान नहीं गयी. प्रशासन, मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे.
गौतम मुखर्जी ने कहा कि हमलोग मालिक को नियमित किराया देते हैं, लेकिन वह हम सभी किरायेदारों को यहां से हटाने की फिराक में है. मामला वर्षों से उच्च अदालत की डिवीजन बेंच में विचाराधीन है. किराया देने के बाद भी मालिक भवन की मरम्मत नहीं कराते हैं. नतीजा, आज छत का एक हिस्सा टूट कर गिर पड़ा.
भवन की नीचे फुटपाथ पर टायर दुकान के मालिक मुकेश चौरसिया ने कहा कि मैं दुकान के अंदर बैठा था कि उसी समय मलबा का कुछ हिस्सा मेरी दुकान की छत पर गिरा, जबकि अधिकतर हिस्सा फुटपाथ पर गिरा. मैं इस घटना में बाल-बाल बच गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >