कोलकाता : ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करनेवाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए विधाननगर थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसे दिल्ली के महरौली इलाके से दबोचा गया. उसका नाम मोहम्मद आरिफ है.
वह दिल्ली के महरौली थानांतर्गत इस्लाम कॉलोनी का निवासी है.
सोमवार को उसे विशेष सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर दिल्ली के साकेत कोर्ट में पेश किया गया. वहां से दो दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर उसे कोलकाता लाया गया.
बताया जाता है कि कुछ माह पहले विधाननगर के नारायणपुर निवासी कौस्तव चौधरी ने एक शिकायत दर्ज करायी थी. कौस्तव एक वेबसाइट पर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के बारे में विज्ञापन देखा था.
फिर उस वेबसाइट के जरिये उसने ऑनलाइन ही फिओना चिउंग नामक एक व्यक्ति से संपर्क किया. उससे मेल पर बातचीत की. फिर कौस्तव ने ऑनलाइन शेयर खरीदने के लिए मार्च 2019 में उसके जरिये ही इंवेस्टमेंट किया.
जालसाजों ने अपने द्वारा बनायी गयी वेबसाइट की मदद से शिकायतकर्ता को अपने झांसे में लेकर ऑनलाइन शेयर खरीदने के लिए मार्च से लेकर मई तक के बीच उससे 93 हजार रुपये ऐंठ लिये गये.
ठग गिरोह के लोगों ने रुपये खुद के अकाउंट में लेने के बाद ऑनलाइन व मेल के जरिये भी कौस्तव से बातचीत बंद कर दिया. बाद में कौस्तव को ठगी का अहसास हुआ और उसने शिकायत दर्ज करायी. विधाननगर के डीसी (मुख्यालय) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है.
प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि इस घटना के पीछे एक गिरोह का हाथ है. इस तरह से और भी कई लोगों से ठगी की गयी है. पुलिस इस गिरोह के लोगों को दबोचने का प्रयास कर रही है.
