स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के चौकस इंतजाम
सिलीगुड़ी : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पूर्व सीमांत रेलवे द्वारा गुवाहाटी सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए गये हैं. जोनल तथा मंडल स्तर पर मुख्य सचिव एवं डीजीपी, असम के साथ जीआरपी, स्थानीय पुलिस तथा खुफिया एजेंसियों, रेलवे-नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. सतर्क रहने […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
सिलीगुड़ी : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पूर्व सीमांत रेलवे द्वारा गुवाहाटी सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए गये हैं. जोनल तथा मंडल स्तर पर मुख्य सचिव एवं डीजीपी, असम के साथ जीआरपी, स्थानीय पुलिस तथा खुफिया एजेंसियों, रेलवे-नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. सतर्क रहने के लिए कई दिशा निर्देश जारी किया गया है. सभी प्रमुख स्टेशनों पर संबंधित राज्य पुलिसकर्मियों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पहरेदारी की जा रही है.
गुवाहाटी पूर्वोत्तर का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है. जहां रोजना 40000 यात्रियों की आवाजाही होती है. इस स्टेशन से प्रतिदिन 30 जोड़ी ट्रेनें गुजरती है. स्टेशन पर एक अधिकारी के अधीन पूर्ण रूप से सशस्त्र जवान के साथ आरपीएफ, एक क्विक रिएक्शन टीम तैनात है. स्टेशन पर सुरक्षा की देखरेख करने में सहायता के लिए 30 जीआरपी कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं.
सभी प्रमुख स्टेशनों के संवेदनशील जगहों-अनुभागों में मोटर ट्रॉली द्वारा और जीआरपी/आरपीएफ तथा रेलवे कर्मचारी द्वारा पैदल रेल की पटरियों पर गश्ती लगाई जा रही है. हैंडमेटल डिटेक्टरों, बैगेज स्कैनरों की सहायता से यात्रियों तथा सामानों की जांच की जा रही है. स्टेशनों, ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों पर स्निफर कुत्तों की मदद से तोड़फोड़ विरोधी जांच भी की जा रही है. पहुंच पर नियंत्रण करने के लिए रेलवे स्टेशनों, विशेषकर प्रवेश एवं निकासी क्षेत्र में सुरक्षा की निगरानी की जा रही है.
सभी संवेदनशील क्षेत्रों की सीसीटीवी द्वारा चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. इसके अलावा, कूड़ेदानों, मालघरों, पार्सलों, पार्किंग क्षेत्र इत्यादि की नियमित जांच करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं. संदिग्ध व्यक्तियों तथा सामाग्रियों पर नजर रखने के लिए कुलियों, विक्रेताओं, टैक्सी/ऑटो रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने को कहा गया है। यात्रियों के बीच सुरक्षा संबंधी सजगता कायम करने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए नियमित घोषणाएं की जा रही है.