हावड़ा. सलकिया अंचल के ऐतिहासिक श्री श्री शीतला माता स्नानयात्रा का उत्साह चरम पर है. 18 फरवरी को आयोजित होनेवाले इस पर्व में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उड़ीसा सहित विभिन्न प्रदेशों व इस राज्य के विभिन्न हिस्सों के श्रद्धालु यहां पहुंच गये हैं.
इस पर्व को निर्विघ्न सम्पन्न करवाने के लिए हावड़ा पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं. इसके मुख्य केंद्र सलकिया के श्री अरविंद रोड स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर से लेकर बांधाघाट तक सड़क पर बांसों के बेरीकेड लगाये गये हैं. इसके अलावा काफी संख्या में हावड़ा सिटी पुलिस व सिविल पुलिस तैनात रहेगी. इस बीच, इस बार भी सड़कों की स्थिति बेहतर है और बड़ी मां के मंदिर की जल निकासी व्यवस्था को भी हाल ही में नये सिरे ठीक कर दिया गया है.
दूसरी ओर, लगभग 480 साल पुराने इस ऐतिहासिक महापर्व के लगभग 27 वर्षों से प्रचार-प्रसार में जुटे सुरेश कुमार भुवालका ने बताया कि हमेशा की भांति इस वर्ष भी प्रायः पूरे उत्तर हावड़ा में सुबह से ही यातायात नियंत्रित रहेगा, जबकि दोपहर बाद से रात तक तो यातायात पूरी तरह बंद रहने की संभावना है.
पर्व की शुरुआत तड़के से दंडी मार्च के साथ होगी, जिसमें व्रती श्रद्धालु बांधाघाट गंगातट पर स्नान करने के पश्चात वहीं से बड़ी मां के मंदिर तक दण्डवत करते हुए जायेंगे. दोपहर बाद भव्य विराट शोभायात्रा निकलेगी, जो रात तक चलेगी. माध्यमिक सहित अन्य परीक्षाओं के कारण माइक बजाने वालों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है. यातायात बंद रहने की वजह से अधिकतर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है, जबकि कुछ स्कूलों में समय से पूर्व छुट्टी की घोषणा की गयी है.
मंदिर सूत्रों के मुताबिक, पूर्णिमा आगमन के पश्चात् ही बड़ी शीतला माता बांधाघाट गंगातट पर स्नान करेंगी. इससे पूर्व, हमेशा की भांति बड़ी शीतला माता पालकी पर सवार होकर दोपहर बाद मंदिर से निकलेंगी और विभिन्न मार्गों का परिभ्रमण करते हुए बांधाघाट स्थित श्री पंचानन मंदिर में अपने भाई व क्षेत्र मित्र लेन स्थित अपनी छोटी बहन से मुलाकात करने के पश्चात स्नान कर अपने मंदिर वापस लौटेंगी. तत्पश्चात मां का विधिवत श्रृंगार होगा और दूसरे दिन अर्थात 19 फरवरी को फिर व्रती श्रद्धालुओं के लिए मां के मंदिर के पट खोले जायेंगे और सोलह आना पूजा का क्रम शुरू होगा. इस महापर्व पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के सैलाब की सेवार्थ सैकड़ों संस्थाओं द्वारा जगह-जगह निःशुल्क चाय-काॅफी, शरबत-शिकंजी, पानी-बताशा आदि वितरण हेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है.
दोपहर बाद सलकिया व बांधाघाट जानेवालों को परेशानी हो सकती है
सोमवार दोपहर 2.30 बजे से सलकिया व बांधाघाट के रास्ते ट्रैफिक को बंद कर दिया जायेगा. भीड़ को काबू करने व श्रद्धालुओं को मुख्य मंदिर तक पहुंचने में दिक्कत नहीं हो, इसके लिए पुलिस बूथ खोले गये हैं.
एंबुलेंस आैर दमकल विभाग को सतर्क रखा गया है. डीजे और माइक बजाने पर पाबंदी है. माध्यमिक परीक्षा को देखते हुए शिविर आयोजित करनेवाले संस्थाओं को डीजे और माइक बजाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गयी है. रविवार को बनारस रोड स्थित आजाद हिंद स्कूल में शीतला स्नान यात्रा को लेकर प्रशासनिक बैठक की गयी.
