कोलकाता : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादियों के फिदायीन हमले के खिलाफ माकपा, भाकपा, भाकपा (माले), आरएसपी समेत 17 वामपंथी दलों ने महानगर में रैली निकाली. रैली शनिवार को अपराह्न करीब 3.30 बजे धर्मतल्ला के लेनिन मूर्ति के पास से शुरू हुई, जो विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई मिंटो पार्क इलाके में समाप्त हुई.
रैली में राज्य में वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बसु, माकपा के प्रदेश सचिव डॉ सूर्यकांत मिश्रा, भाकपा (माले) के प्रदेश सचिव पार्थ घोष समेत कई वामपंथी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए. वामपंथी दलों की ओर से शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना जतायी गयी है. पार्थ घोष ने कहा है कि कश्मीर की मौजूदा समस्या का निश्चित समाधान जरूरी है.
पार्टी की ओर से मांग की गयी है कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करे कि कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति बनी रहे. माकपा के प्रदेश सचिव डॉ सूर्यकांत मिश्रा ने कश्मीर की मौजूदा समस्या के समाधान के तौर पर पाकिस्तान से बातचीत का सुझाव दिया है.
