गंतव्य स्थल के पहले ही कार से नीचे उतर जाने को चालक ने किया बाध्य
विरोध करने पर अपने चालक दोस्तों को वहां बुलाकर करने लगा उनसे हाथापाई
पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दिया आश्वासन
कोलकाता : विश्व के सात पर्वत शिखरों और सात ज्वालामुखी पर्वतों की चढ़ाई पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले पर्वतारोही सत्यरूप सिद्धांत को एक कैब चालक की दादागीरी का शिकार होना पड़ा. बैक चालक पर उसके दोस्तों के साथ मिलकर उनसे मारपीट करने का आरोप भी लगा है. घटना गुरुवार देर रात की है, शुक्रवार सुबह सत्यरूप ने कोलकाता पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज व टि्वटर अकाउंट पर इसकी जानकारी दी.
उन्होंने लिखा कि गुरूवार रात मैं कसबा के एक्रोपोलिस मॉल के सामने एक कैब बुक किया और दोस्तों के साथ उसमें बैठा. उनके दोस्त अलग-अलग कैब में बैठे थे. सत्यरूप ने आरोप है कि वह बोसपुकुर से होते हुए कबरडांगा की तरफ जा रहे थे. आरोप है कि बुकिंग के बावजूद चालक ने बीच में ही गाड़ी रोक दिया और देर रात को उन्हें गंतव्य स्थल से पहले ही गाड़ी से उतरने को कहा. इसे लेकर दोनों पक्ष में विवाद होने लगा. समस्या बड़ी होते देख उसने तुरंत 100 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी वहां नहीं पहुंचा. इस बीच उबेर चालक ने फोन कर अपने तीन दोस्तों को वहां बुला लिया और उनके (सत्यरूप) के अलावा उनके दोस्तों के साथ हाथापाई शुरू कर दी. जैसे-तैसे गाड़ी से उतरकर वे सभी वहां से भागकर जख्मी हालत में कालिकापुर में अपने एक दोस्त के घर पहुंचे.
इधर चालक अपने साथियों के साथ वहां से भागने में सफल रहा. सत्यरूप ने सोशल साइट पर लिखा है कि इतना समय बीत जाने के बाद भी कैब कंपनी की तरफ से चालक के खिलाफ कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं दी गयी है. सत्यरूप ने स्थानीय थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी है. जांच अधिकारी की तरफ से जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला है.कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि ई-मेल के जरिए उन्हें शिकायत मिली है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद लेकर चालक को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.
