कोलकाता : कृष्णनगर सेक्टर में बीएसएफ की 99वीं बटालियन ने बॉर्डर आउटपोस्ट मधुपुर इलाके में पपीता में सोने के 10 बिस्कुट छुपा कर ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. जब्त सोने के बिस्कुट की कीमत करीब 32,05,000 रुपये बतायी गयी है. जानकारी के अनुसार, बुधवार को बीएसएफ ने विशेष अभियान शुरू किया.
शाम करीब 4.55 बजे सीमा पर लगे बाड़ के 11 नंबर गेट के पास एक व्यक्ति कृषि कार्य के लिए आया. वापस जाने पर उसके पास एक प्लास्टिक का बैग देखा गया. संदेह होने पर बैग की तलाशी ली गयी, जिसमें एक पपीता मिला, जिसके चारों ओर पीले रंग का प्लास्टिक टेप चिपकाया गया था.
टेप हटाने पर पपीता के भीतर से सोने के दस बिस्कुट बरामद किये गये, जिनका वजन करीब एक किलोग्राम बताया गया. पकड़े गये व्यक्ति का नाम अब्दुल मंडल (41) है. वह उत्तर 24 परगना जिला के बागदा थाना अंतर्गत मसीमपुर के मधुपुर गांव का निवासी है. जब्त सोने के बिस्कुट सहित आरोपी को बागदा स्थित कस्टम विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया.
इस वर्ष बीएसएफ, साउथ बंगाल फ्रंटियर ने 27.179 किलोग्राम सोना जब्त किये गये हैं, जिनकी कीमत करीब 8,44,45,001 रुपये है. सोना की तस्करी के आरोप में 12 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया.
