हुगली : दिनदहाड़े घर में घुसकर एक गृहिणी की हत्या व लूट की घटना प्रकाश में आयी है. घटना शनिवार सुबह पांडुआ थाना अंतर्गत खण्यान इलाके में घटी. मृतका का नाम सुपर्णा बनिक (24) है.
जानकारी के अनुसार घटना से कुछ देर पहले उनकी सास दुकान गयी थी. सुपर्णा का पति राजू बनिक पेशे से गाड़ी चालक है, इसलिए वह सुबह घर से निकल गया था. उसकी सास रेणुका बनिक जब घर लौटी तो देखा कि सुपर्णा फंदे से लटक रही थी. शरीर के कई हिस्सों में जख्म के निशान थे. घर की अालमारी भी खुली हुई थी उसमें रखे गहने और रुपये गायब थे.
घटना की जानकारी पांडुआ थाना को दी गयी. खबर पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चुंचुड़ा सदर इमामबाड़ा अस्पताल में भेज दिया. घटना की खबर पाकर सुपर्णा के पिता श्यामल बनिक उसके ससुराल पहुंचे और उन्होंने उसके पति राजू और सास रेणुका के खिलाफ हत्या करवाने का मामला दर्ज कराया है. उसके पिता का आरोप है कि राजू विवाह के बाद से ही उसकी बेटी पर दहेज के लिए दबाव बना रहा था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
