सीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक : कोलकाता में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक, सभी ब्रिजों और फ्लाइओवर की होगी जांच

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि माझेरहाट ब्रिज के पास मेट्रो रेलवे का निर्माण कार्य फिलहाल बंद रहेगा. ब्रिज हादसा मामले में लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार मेट्रो रेलवे के काम की वजह से पुल को काफी नुकसान हुआ है. इसलिए जब तक पूरी जांच रिपोर्ट […]

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि माझेरहाट ब्रिज के पास मेट्रो रेलवे का निर्माण कार्य फिलहाल बंद रहेगा. ब्रिज हादसा मामले में लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार मेट्रो रेलवे के काम की वजह से पुल को काफी नुकसान हुआ है. इसलिए जब तक पूरी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है, माझेरहाट ब्रिज के पास मेट्रो रेलवे का काम बंद रहेगा.
माझेरहाट ब्रिज के गिरने के बाद महानगर के सभी पुलों और फ्लाइओवर की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को राज्य सचिवालय में आपात बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की प्राथमिक रिपोर्ट में माझेरहाट ब्रिज के कमजोर होने का प्रमुख कारण मेट्रो रेल के कार्याें को बताया गया है.
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि मेट्रो रेल द्वारा जब पाइलिंग की जा रही थी तो ऐसा लगता था, मानो भूकंप आया हो. इसके साथ ही पुलिस ने ओवरलोडिंग व अन्य कारकों के बारे में भी जानकारी दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किस वजह से यह घटना हुई और किस-किस विभाग ने लापरवाही बरती है, यह जांच के बाद ही सामने आयेगा. सीएम ने स्पष्ट कर दिया कि जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि ओवरलोडिंग व भारी वाहनों की वजह से भी राज्य की सड़कों व फ्लाइओवर को नुकसान हो रहा है. इसे देखते हुए गुरुवार की बैठक में तय हुआ कि अब महानगर में भारी वाहनों यानी 10 से 20 चक्का वाले वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी. इससे राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान हो सकता है, लेकिन हमारी सरकार धन कमाने के लिए लोगों की जिंदगी दांव पर नहीं लगा सकती. मुख्यमंत्री ने पुलिस को आेवरलोडिंग के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने पुलों की स्थिति की समीक्षा के लिए हाइ पावर इंवेस्टीगेशन व मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है. कमेटी सभी ब्रिजों की समीक्षा कर रिपोर्ट पेश करेगी. कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, लोक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग के ब्रिजों की स्थिति की जांच के लिए प्रत्येक विभाग में भी विशेष सेल का गठन किया गया है. प्रत्येक विभाग अपने अंतर्गत के सभी ब्रिजों की समीक्षा कर रिपोर्ट पेश करेगा और उनकी रिपोर्ट की हाइ पावर इंवेस्टीगेशन कमेटी व मॉनिटरिंग सेल जांच करेगी और जहां भी जरूरत होगी, वैसी कार्रवाई की जायेगी. मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलकाता के 20 ब्रिजों की मियाद पूरी हो चुकी है.
जांच में जुटी कोलकाता पुलिस की गुप्तचर शाखा
माझेरहाट ब्रिज हादसे की जांच में कोलकाता पुलिस की गुप्तचर शाखा जुट गयी है. कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने बताया कि जांच के लिये विशेष जांच दल बनाया गया है. गुरुवार को जांच दल ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान रिकार्ड किये. साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया.
इधर, राज्य सरकार ने घटना के कारणों की जांच करने के लिए मुख्य सचिव मलय दे के नेतृत्व में समिति का गठन किया है. ध्यान रहे कि गत बुधवार को माझेरहाट ब्रिज हादसे को लेकर कोलकाता पुलिस ने स्वत: संज्ञान के तहत मामला दर्ज किया था. मामला अलीपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 304, 308, 427 और 34 के तहत किया गया है.

पोस्ता फ्लाइओवर का क्या होगा, अभी नहीं कह सकते : ममता

फ्लाइओवर को लेकर अब तक हमारे पास कोई ठोस रिपोर्ट नहीं
कोलकाता. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि 2016 में हादसे के शिकार विवेकानंद फ्लाइओवर (पोस्ता फ्लाइओवर) का क्या हश्र होगा, अभी यह कहना काफी मुश्किल है. राज्य सरकार ने पोस्ता फ्लाइओवर के भविष्य को लेकर आइआइटी खड़गपुर व यादवपुर यूनिवर्सिटी को जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा था. साथ ही उनसे इस बारे में भी सुझाव देने को कहा गया था कि इस ब्रिज का पुनर्निर्माण किया जा सकता है, या इसे तोड़ दिया जाये. अगर इसे तोड़ा जाता है तो आस-पास को कितना नुकसान होगा. इस संबंध में किसी भी संस्थान ने कोई ठोस रिपोर्ट नहीं दी है. जिसकी वजह से राज्य सरकार कोई फैसला नहीं ले पा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्ता फ्लाइओवर को लेकर एक संस्था का कहना है कि ब्रिज का पुनर्निर्माण किया जा सकता है तो दूसरे ने ऐसा नहीं करने सुझाव दिया है. इसे लेकर अब राज्य सरकार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की मदद लेगी. इसकी समीक्षा का जिम्मा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को सौंपा जायेगा और उनके द्वारा पेश की गयी रिपोर्ट की समीक्षा के बाद राज्य सरकार निर्णय लेगी.
कोलकाता : मलबे से एक और शव बरामद मृतकों की संख्या तीन हुई
कोलकाता : माझेरहाट ब्रिज हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गयी है. हादसे के तीसरे दिन यानी गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे ब्रिज के ध्वस्त हिस्से से मलबा हटाने के दौरान एक और शव बरामद किया गया. शव को एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया. मृतक की शिनाख्त गौतम मंडल (45) के रूप में हुई है. गौतम मंगलवार को ब्रिज ढहने के बाद से ही मेट्रो परियोजना के लिये कार्य करने वाले एक मजदूर प्रणब दे उर्फ उदय के साथ लापता थे.
वह मुर्शिदाबाद के तेतुलिया के निवासी थे. बुधवार को उनके साथी प्रणब का शव बरामद हुआ था. वह मुर्शिदाबाद के बहरमपुर के रहने वाले थे. गौरतलब है कि मंगलवार शाम को माझेरहाट ब्रिज का एक हिस्सा ढह गया था. मंगलवार को बेहला निवासी सौमेन बाग की मौत हो गयी थी और 24 लोग घायल हो गये थे, जिनमें कई का अब भी सीएमआरआइ और एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा है.
रसोइये का काम करते थे गौतम : पुलिस ने बताया कि गौतम मुर्शिदाबाद के तेतुलिया के निवासी थे. वह मेट्रो परियोजना के लिये काम करने वाले श्रमिकों के लिये भोजन बनाने का काम करते थे. हादसे के दौरान वह ठीक उसी जगह पर थे जहां ब्रिज का एक हिस्सा धराशायी हो गया.
अभी भी कुछ जिंदगी के लिये जूझ रहे : हादसे में घायल 24 लोगों में 11 को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. 13 लोग अभी भी एसएसकेएम व सीएमआरआइ में चिकित्साधीन हैं. सूत्रों के अनुसार घायलों में दो की हालत अभी भी गंभीर बतायी गयी है.
एनडीआरएफ ने रोका तलाशी अभियान
हादसे के बाद कोलकाता पुलिस की आपदा प्रबंधन विभाग और दमकल विभाग के कर्मियों के साथ एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य व तलाशी अभियान में जुटी थी. गुरुवार की सुबह गौतम मंडल का शव मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान बंद कर दिया है.
एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद एनडीआरएफ की पांच टीम बचाव कार्य में जुटी थी. उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने अपना अभियान बंद किया है क्योंकि उन्हें लगता है कि मलबे के अंदर और कोई नहीं होगा. एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल से चले गये हैं, वहीं आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने क्रेन आदि के साथ दुर्घटना स्थल पर बचाव कार्य जारी रखा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >