कोलकाता : देश में अच्छे दिन आयेंगे. विदेशी बैंकों में रखे काला धन को देश लाया जायेगा. एक देशवासी के बैंक खाते में 15 लाख रुपया जमा कराया जायेगा. हर साल दो करोड़ बेरोजगार लोगों को नौकरी मिलेगी. ये सारे वादे केंद्र में भाजपा सरकार बनते ही हवा-हवाई साबित हुए, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं. यह बातें कांग्रेस के आला नेता सोमेन मित्रा ने कहीं.
वह गुरुवार को महानगर के प्रेस क्लब में एक एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा के हाथों देश को बचाने के लिए किसी भी धर्मनिरपेक्ष पार्टी के साथ हम हाथ मिलाने को तैयार हैं.
चाहे वह तृणमूल कांग्रेस ही क्यों ना हो. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस से गठबंधन के संबंध पार्टी का जो निर्णय होगा, वह हमें स्वीकार होगा.
इस दौरान उन्होंने भाजपा व प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राफेल सौदा में करीब 41 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने अंबानी ग्रुप को फायदा पहुंचाने के लिए यह सौदा किया है. श्री मित्रा ने कहा कि राफेल डील में किये गये हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के बारे राज्यवासियों को बताने के लिए हर जिले में प्रचार किया जायेगा.
