कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा नेतृत्व पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अनादर करने का आरोप लगाया है. ममता बनर्जी ने ये आरोप ऐसे वक्त लगाया, जब दिवंगत नेता अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को देशभर की नदियों में प्रवाहित किया जा रहा है. इसके अलावा बुधवार को महाजाति सदन में उनकी याद में शोकसभा का आयोजन किया गया है, जो कि पूरी तरह गैर राजनीतिक है. उसमें प्रदेश भाजपा की ओर से ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया गया है.
सुश्री बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस पर मेयो रोड स्थित गांधी मूर्ति के समीप आयोजित सभा को संबोधित करते हुे कहा ‘हम अटल जी का सम्मान करते हैं. लेकिन देखिए वो उनकी अंत्येष्टि की अस्थियों के साथ क्या कर रहे हैं? वो श्रद्धांजलि देने की जगह उनका अनादर कर रहे हैं. हम ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगे’. ममता बनर्जी के मुताबिक यह वाजपेयी की राजनीतिक लोकप्रियता को भुनाने का प्रयास है.
ममता बनर्जी का यह बयान प्रदेश भाजपा की ओर से दिये आमंत्रण के एक दिन बाद आया. इस आमंत्रण पत्र में ममता बनर्जी को कोलकाता के महाजाति सदन में 29 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति में होनेवाली सभा में हिस्सा लेने के लिए कहा गया था. न सिर्फ ममता बनर्जी बल्कि सीपीआइ-एम नेता बिमान बोस, सूर्याकांत मिश्रा और बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को भी बीजेपी की ओर से स्मृति सभा के लिए आमंत्रित किया गया है.
ममता बनर्जी ने कहा, ‘मेरे उनके साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन कुछ नेता हैं, जिनका हम सम्मान करते हैं. लेकिन यह किस तरह की भाजपा है? पहले उनके खाकीधारी कार्यकर्ता आरएसएस की शाखाओं में मेहनत करते थे. लेकिन अब वो शॉपिंग मॉल्स, स्टार होटल आदि के मालिक हैं.’
ममता बनर्जी ने बीजेपी के मौजूदा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मोदी सरकार के खिलाफ सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने की मुहिम जारी रखेंगी. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को टारगेट करने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न एजेंसियों का सहारा ले रही है. ममता बनर्जी ने कहा, ‘भाजपा के नेता कह रहे हैं कि सीबीआइ, ईडी और इन्कम टैक्स को विरोधी नेताओं के खिलाफ खड़ा करना चाहिए. वो कहते हैं कि सबूत ना होने पर भी ऐसा करना चाहिए. चाहे जो हो तृणमूल कांग्रेस को परेशानी होनी चाहिए. कांग्रेस को परेशानी होनी चाहिए.
एचडी कुमारस्वामी, चंद्रबाबू नायडू, मायावती, अखिलेश यादव, एमके स्टालिन, लालूजी हर कोई परेशान होना चाहिए वरना भाजपा सत्ता में कैसे रहेगी. वो ये नहीं जानते कि जब भविष्य में भाजपा सत्ता में नहीं रहेगी तो लोग उनके कुकृत्यों को भूलेंगे नहीं.’
ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनाव खर्च के लिए विदेशी धन स्वीकार कर रही हैं. ममता बनर्जी ने कहा, आपने हजारों करोड़ नोटबंदी के नाम पर बनाए. आप को विदेशी चंदे के लिए जवाबदेह क्यों नहीं होना चाहिए.
आप राजनीतिक दल के नाते विदेशी चंदा कैसे स्वीकार कर सकते हैं. आप देश से पैसा बाहर भेजेंगे. फिर विदेशी लोकेशन से उन्हें भारत में दोबारा रूट करके वोट खरीदेंगे?’ देश की अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर केंद्र पर प्रहार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा,‘ना सिर्फ रुपया बल्कि इस सरकार के शासनकाल में दैनिक जीवन में भी गिरावट आयी है.’
देश का भविष्य हैं छात्र और युवा : ममता
कोलकाता. छात्रों और युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि देश के भविष्य के नेता इन्हीं में से निकलेंगे. ममता ने याद किया कि कैसे उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में की थी. ममता ने ट्वीट किया, ‘‘युवा और छात्र देश के भविष्य हैं. मेरा राजनीतिक संघर्ष भी एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ. देश के भविष्य के नेता इन छात्रों में से ही निकलेंगे. मेरी शुभकामनाएं इनके साथ हैं.’
