कोलकाता : कुर्बानी दें, पर दूसरों की भावनाओं का रखें ख्याल

नाखुदा मस्जिद के इमाम मौलाना शफीक कासमी ने की अपील कोलकाता : आॅल इंडिया माइनोरिटी फोरम की ओर से शनिवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में विभिन्न धर्म गुरुओं ने लोगों से अपील की कि ईद-उल-जुहा जरूर मनायें, लेकिन दूसरों की भावनाओं का भी ख्याल रखें. संवाददाता सम्मेलन में नाखुदा मस्जिद […]

नाखुदा मस्जिद के इमाम मौलाना शफीक कासमी ने की अपील
कोलकाता : आॅल इंडिया माइनोरिटी फोरम की ओर से शनिवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में विभिन्न धर्म गुरुओं ने लोगों से अपील की कि ईद-उल-जुहा जरूर मनायें, लेकिन दूसरों की भावनाओं का भी ख्याल रखें.
संवाददाता सम्मेलन में नाखुदा मस्जिद के इमाम मौलाना शफीक कासमी, स्वामी उत्तमानंद, श्री गोपाल महाराज, डाॅ अरुण ज्योति भिक्षु, पार्षद मोहम्मद जसुमुद्दीन, जायेद अनवर, हाजी कमरुद्दीन मलिक, आलम अंसारी, शेख गुलाम रब्बानी, फादर सीआर चटर्जी, कलजिंदर सिंह, एमए अली, इदरीश अली आदि मौजूद थे.
इस मौके पर मौलाना शफिक कासमी ने कुर्बानी की व्याख्या करते हुए लोगों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा तय किये गये मानदंडो को मानते हुए पश्चिम बंगाल की सांप्रदायिक एकता को बरकरार रखें.
उन्होंने मुस्लिमों से अपील की कि आप का मजहब आपको कुर्बानी करने का निर्देश देता है. आप अपने मजहब का पालन जरूर करें, लेकिन इस बात का भी ख्याल रखें कि आपकी कुर्बानी से दूसरों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे. नियमों को मानते हुए कुर्बानी के जानवर को ले जायें. इस बार हांकते हुए सड़कों पर जानवर ले जाने पर रोक है.
इसका पालन करें. जानवर खरीदकर वाहनों में ढंक कर उसे अपने घर ले जायें. जिस जगह पर कुर्बानी दी जाये, वह पूरी तरह ढंकी हो. वहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें. कुर्बानी का मांस अपने पड़ोसियों या फिर रिश्तेदारों और दोस्तों को देने के लिए जायें, तो उसे ढंक कर ले जायें या काले रंग की पॉलिथिन में ही ले जायें. पारदर्शी कैरी बैग से परहेज करें.
उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि 24 घंटे कुर्बानीवाले दिन के पहले और बाद में पानी का इंतजाम करें. संवाददाता सम्मेलन में मौजूद पार्षद जसुमुद्दीन ने उनकी अपील पर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि कुर्बानीवाले दिन कोलकाता नगर निगम के सफाई कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे. साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखेंगे.
मौलाना कासमी ने कहा कि मुस्लिम इलाकों में बुर्जुग इस बात का ख्याल रखें कि युवा या शरारती तत्व किसी भी तरह से लोगों को उकसाने का काम नहीं करें. अगर कोई ऐसा करता है, तो सभी पक्षों को मिल बैठकर उससे निपटें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >