कोलकाता : एटक समर्थित कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरटेर्स यूनियन ने टैक्सी रिफ्यूजल के प्रति जागरूकता के लिए 26 व 31 जुलाई को जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय किया है. मंगलवार को एटक समर्थित टैक्सी संगठनों, कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरटेर्स यूनियन की स्वर्ण बनिक समाज भवन में कार्यकारिणी, पदाधिकारियों व टैक्सी चालकों की बैठक में निजी कैब्स द्वारा लगाये जा रहे सर्ज चार्ज, टैक्सी रिफ्यूजल और 12 अगस्त को प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारियों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.
एटक समर्थित कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन के महासचिव व वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरटेर्स यूनियन के संयोजक नवल किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि 26 जुलाई को धर्मतल्ला स्थित लेलिन की मूर्ति के पास तथा 31 जुलाई को सियालदह बिगबाजार के सामने दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक टैक्सी रिफ्यूजल को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि निजी कैब्स ओला-उबर का कोई किराया चार्ट नहीं है. सर्ज चार्ज, प्राइम लोकेशन चार्ज, प्राइम टाइम तथा डायनेमिक फेयर आदि के नाम पर तरह-तरह के शुल्क लगाये जा रहे हैं.
परिवहन विभाग ने निजी कैब में सर्ज चार्ज में वृद्धि 45 फीसदी तक ही सीमित रखने का प्रस्ताव दिया था. आरंभ में निजी टैक्सी कंपनियों ने सहमति भी जतायी थी, लेकिन वास्तव में इनका क्रियान्वयन अभी तक नहीं हो रहा है. सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक सर्ज चार्ज स्थिर रखने की जगह तरह-तरह के चार्ज लिये जा रहे हैं.
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि 12 अगस्त को यूनियन का सम्मेलन मौलाली युवा केंद्र में आयोजित किया जायेगा तथा इस अवसर पर ट्रेड यूनियन आंदोलन के जनक गुरुदास दासगुप्ता को सम्मानित किया जायेगा. इस अवसर पर विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेता उपस्थित रहेंगे तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया जायेगा. मंगलवार को कार्यक्रम को सफल बनाने में एकराम खान, अवनीश शर्मा, भुवनेश्वर वर्मा, मोहम्मद मुश्ताक, अरुप मंडल सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
