कमरे में मिला था महिला का रक्तरंजित शव
प्रतिनिधि, कल्याणी
महिला की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके पति और बेटी को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार चमेली विश्वास नदिया जिले के पलाशीपाड़ा के ईश्वरचंद्रपुर के मठपाड़ा इलाके की रहनेवाली थी. गत बुधवार को उसका रक्तरंजित शव बरामद किया गया था. बताया जाता है कि उसकी शादी 23 साल पहले श्यामल विश्वास से हुई थी. शाओली उनकी इकलौती संतान है.
श्यामल विदेश में नौकरी करता है. आरोप है कि इस बीच चमेली को किसी शख्स के साथ अवैध संबंध हो गया. गत तीन अगस्त को मां-बेटी के बीच अवैध संबंध को लेकर विवाद भी हुआ. शाओली ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बतायी. पता चलने पर सोमवार को श्यामल घर लौट आया. इसके बाद श्यामल और चमेली के बीच झगड़ा हुआ. आरोप है कि इस दौरान पिता-बेटी ने चमेली पर हमला कर दिया. उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी. इसके बाद, पिता औ बेटी ने साजिश करते हुए डकैती की कहानी बनायी.
उन्होंने आलमारी में तोड़फोड़ की. घर का कीमती सामान हटा दिया. पड़ोसियों को बेटी की बीमारी के बारे में जानकारी दी. इसके बाद श्यामल शाओली को लेकर तेहट्ट महकमा अस्पताल पहुंचा. उसने बेटी को रातभर अस्पताल में भर्ती भी कराया. बुधवार सुबह पिता-पुत्री घर लौटे. वहां चमेली का शव देख कर चीखने लगे. सूचना पाकर तेहट्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हालांकि बाद में पुलिस की जांच में दोनों आरोपी टूट गये और सच्चाई बता दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
