अगर भाजपा चाहे, तो तृणमूल का एक भी सांसद दिल्ली नहीं जा पायेगा

उन्होंने अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा मारो-मारो की राजनीति करती, तो क्या ‘कोयला भतीजा’ दिल्ली में घुस पाता?

सोनामुखी के विधायक दिवाकर घरामी ने तृणमूल पर साधा तीखा निशाना कहा – भाजपा कार्यकर्ता बदले की राजनीति में विश्वास नहीं रखते

बांकुड़ा. सोनामुखी के भाजपा विधायक दिवाकर घरामी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता बदले की नीति पर चलते, तो तृणमूल का कोई सांसद दिल्ली नहीं पहुंच पाता. उन्होंने अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा मारो-मारो की राजनीति करती, तो क्या ‘कोयला भतीजा’ दिल्ली में घुस पाता?

सोमवार को उत्तर बंगाल के नागराकाटा इलाके में बाढ़ पीड़ितों से मिलने गए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमले के विरोध में मंगलवार को सोनामुखी में भाजपा ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. उपद्रवियों द्वारा फेंकी गयी ईंट से सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गये थे.

राजनीतिक प्रतिक्रिया और निंदा के स्वर

दिवाकर घरामी ने कहा कि आम लोगों को असुविधा न हो, इसलिए आधे घंटे से भी कम समय के लिए प्रतीकात्मक नाकाबंदी की गयी. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तृणमूल नेता अपने अपराधियों को भाजपा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ खड़ा करते रहे, तो आने वाले दिनों में लोग राजनीतिक तेजाब से जवाब देंगे. घरामी के बयानों में उदयन गुहा और कुणाल घोष का भी उल्लेख रहा. नाकाबंदी में कई आदिवासी नेता शामिल हुए. चूंकि घायल सांसद खगेन मुर्मू आदिवासी समुदाय से हैं, इसलिए भाजपा इस मुद्दे पर आदिवासी अस्मिता को उभारने की कोशिश कर रही है.

बरजोरा के तृणमूल विधायक आलोक मुखर्जी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों पर हमले कभी भी वांछनीय नहीं होते. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उत्तर बंगाल जाकर बाढ़ प्रभावितों से मिलने और हालात का जायजा लेने के लिए पहुंची थीं. दिवाकर घरामी के बयानों पर उन्होंने प्रतिक्रिया देने से इंकार किया और कहा कि पार्टी आधिकारिक रूप से जवाब देगी. जिले के विभिन्न इलाकों में सोमवार से मंगलवार तक भाजपा के विरोध प्रदर्शन जारी रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >