रेल कर्मी के घर से 70 हजार रुपये नगद चोरी, पुलिस जांच में जुटी आसनसोल. चित्तरंजन के गड्डा कॉलोनी क्षेत्र के बी रोड स्थित एक सरकारी आवास में चोरी की वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक महज आधे घंटे के लिए घर से बाहर गये थे. मकान मालिक और रेल कर्मी शंभू सिंह अपने बेटे की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे और आमंत्रण पत्र की छपाई देखने के लिए पास के बाजार गये थे. करीब आठ बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और पीछे का दरवाजा भी खुला मिला. घर में प्रवेश करने पर पता चला कि दो आलमारियों में से एक को चोरों ने तोड़ दिया था और उसमें रखे लगभग 70 हजार रुपये नगद गायब थे. घटना की सूचना तुरंत चित्तरंजन थाने को दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी में शामिल लोग इलाके को अच्छे से जानते थे और उन्होंने वारदात का समय तब चुना जब आसपास सन्नाटा था. स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में न तो कोई सीसीटीवी कैमरा लगा है और न ही रात में पर्याप्त गश्त होती है, जिससे चोरों का हौसला बढ़ा हुआ है. उन्होंने कई बार रेल प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. शंभू सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
