शिल्पांचल के बाजारों में होली की सतरंगी छटा

रंगोत्सव को लेकर शिल्पांचल में चहल पहल बढ़ गई है.

दुर्गापुर.

रंगोत्सव को लेकर शिल्पांचल में चहल पहल बढ़ गई है. सोमवार को शहर में जगह-जगह सजे होली के अस्थाई बाजार में हर्बल गुलाल के साथ पिचकारी, तरह-तरह की रंग बिरंगी टोपी, होली खेलने के लिए स्लोगन लिखी सफेद कलर्स की टी-शर्ट और होली में उपयोग होने वाले बच्चों के आइटम्स बिकते दिखे.सोमवार की देर रात होलिका दहन के बाद बुधवार को रंगों का पर्व होली धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. इस दिन सुबह से ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही देखी गई .शहर के बेनाचिती सहित आसपास के इलाकों में रंग-बिरंगे गुलाल लोगों को अपनी ओर खींचते नजर आए. दुकानों के बाहर सजी आकर्षक पिचकारियां बच्चों को लुभाते दिखे.

बच्चों में थीम वाली पिचकारी की मांग

बच्चों के बीच कार्टून थीम वाली पिचकारी, टैंक शेप और गन पिचकारी खूब लोकप्रिय रही.टैंक स्टाइल, गन स्टाइल और कार्टून थीम आधारित पिचकारियां बच्चों की पहली पसंद रही .स्पाइडरमैन, छोटा भीम, डोरेमोन और शक्तिमान जैसे किरदारों के मास्क और रंग-बिरंगे विग भी खास आकर्षण रहे.वही युवाओं में रंगीन टोपियां, फैंसी चश्मे और अलग-अलग डिजाइन के मुखौटे का क्रेज रहा.सेल्फी का दौर है, इसलिए होली पर फोटो और वीडियो के लिए नए स्टाइल की एक्सेसरीज़ की मांग भी रही.

हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग

इस बार बाजार में हर्बल गुलाल की मांग तेजी से बढ़ी है. कई दुकानदारों ने बताया कि लोग अब त्वचा और आंखों की सुरक्षा को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो गए हैं. रासायनिक रंगों की जगह फूलों से बने गुलाल और सुगंधित हर्बल रंग ज्यादा बिक रहे हैं.

दुकानों पर गुलाबी, पीला, हरा, नीला और केसरिया जैसे पारंपरिक रंगों के साथ-साथ सिल्वर और गोल्डन शेड्स भी उपलब्ध हैं. इस बार ग्राहकों की पहली पसंद वही रंग हैं जिन पर ‘स्किन फ्रेंडली’ और ‘नेचुरल’ लिखा हो.

सजावटी व पारंपरिक सामान की मांग

होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मिलन और उत्सव का भी अवसर है. महिलाओं में घर सजाने और पारंपरिक आयोजन के लिए खास खरीदारी देखी गई..रंगीन चुनरियां, पूजा सामग्री, सजावटी आइटम और थाल सजाने के सामान की बिक्री भी बढ़ी है. कुछ दुकानों पर विशेष होली गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं, जिनमें गुलाल, मिठाई के डिब्बे और सजावटी पैकिंग शामिल है. ये गिफ्ट पैक रिश्तेदारों और दोस्तों को देने के लिए खरीदे जा रहे हैं.

मिठाई और स्नैक्स की दुकानों पर भीड़

रंगों के साथ-साथ मिठाई दुकानों में भी ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है. गुझिया, नमकीन और अन्य पारंपरिक पकवानों की तैयारी जोरों पर है. घरों में जहां महिलाएं इसकी तैयारी में जुट गई है. वही कई दुकानों पर एडवांस बुकिंग की गई है. दुकानदारों ने बताया कि होली को लेकर लोग बड़ी मात्रा में मिठाई और नमकीन का आर्डर किये हैं.

प्रशासन की रही निगरानी

त्योहार को देखते हुए बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है.भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं. किसी भी प्रकार के हानिकारक रंगों या आपत्तिजनक व्यवहार से बचें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >