रानीगंज शहर के सियारसोल राजबाड़ी मोड़ के पास सोमवार दोपहर करीब एक बजे उस समय अफरातफरी मच गयी, जब व्यस्त 14 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती बाइक में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया. घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. जानकारी के अनुसार, अंडाल के बहुला निवासी धर्मेंद्र हरिजन अपनी पत्नी के साथ स्वास्थ्य जांच के लिए सियारसोल राजबाड़ी मोड़ आये थे.मोड़ के पास पहुंचते ही उन्हें बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया.वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
धर्मेंद्र हरिजन के अनुसार, उन्होंने तत्काल बाइक का विद्युत कनेक्शन काटकर आग बुझाने और वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही सेकेंड में बाइक का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया.
व्यवसायियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सियारसोल राजबाड़ी मोड़ शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है.घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें और वाहन मौजूद थे. ऐसे में आग के फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि स्थानीय व्यवसायियों ने तत्परता दिखाते हुए दुकानों से अग्निशमन यंत्र निकालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने पानी और मिट्टी की मदद से भी आग पर काबू पाने की कोशिश की. कई मिनट की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया. इससे आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों तक आग पहुंचने से बच गयी. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण बाइक में आग लगने की आशंका जतायी जा रही है,हालांकि घटना में बाइक का अधिकांश हिस्सा जल गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो व्यस्त इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था.
