दुर्गापुर. सोमवार को शहर के वार्ड 14 स्थित नतूनपल्ली आदर्श विद्यालय के पास उसे वर्षों पहले दान की गयी जमीन को हड़पने के आरोप में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने महकमा शासक, भूमि राजस्व दफ्तर सहित विभिन्न विभागों में शिकायत की है. प्रदर्शन के दौरान स्कूल कमेटी के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
तालाब से जुड़ा है विवाद
सूत्रों के अनुसार नतूनपल्ली आदर्श विद्यालय से सटी करीब एक बीघा जमीन पर पहले खेती से जुड़ा एक छोटा तालाब था. स्थानीय निवासी तिमिर बनर्जी ने बताया कि 90 के दशक में जमीन मालिक अजीत सरकार और सहदेव दे ने दानपत्र के जरिए उक्त तालाब स्कूल कमेटी को सौंपा था. दान के समय सभी कागजात पर जमीन मालिकों के हस्ताक्षर मौजूद थे. इसके बाद से तालाब स्कूल के अधीन रहा. समय के साथ तालाब की गहराई कम होती गयी और वो भरता चला गया.
स्कूल कमेटी का आरोप
आरोप लगाया गया कि वर्तमान जमीन मालिक के लोग उक्त तालाब को अपने कब्जे में लेने का प्रयास कर रहे हैं और अदालत के जरिए गलत तरीके से जमीन पर दावा किया जा रहा है. स्कूल कमेटी की अध्यक्ष और पूर्व पार्षद राखी तिवारी ने कहा कि तीन दशक पहले स्कूल को दान की गई तालाब की जमीन को भरकर वर्तमान जमीन मालिक उसे गलत तरीके से हड़पना चाहता है और प्रमोटर को बेचने की योजना बना रहा है. उन्होंने कहा कि दान से जुड़े सभी दस्तावेज स्कूल कमेटी के पास सुरक्षित हैं और इस जमीन पर तालाब का निर्माण होना चाहिए.स्थानीय लोगों ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन सहयोग नहीं करता है तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा. जमीन मालिक से संपर्क करने पर उन्होंने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी और कहा कि इस संबंध में उनके वकील जवाब देंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.