आसनसोल जिला अस्पताल से मरीज लापता

इस संबंध में आसनसोल दक्षिण थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है.

चार दिन से नहीं मिला सुराग, परिवार ने अस्पताल प्रशासन को ठहराया ज़िम्मेदार इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस में दर्ज हुई शिकायत जामुड़िया. आसनसोल जिला अस्पताल से एक मरीज के रहस्यमय तरीके से लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. चार दिन बीत जाने के बाद भी मरीज का कोई पता नहीं चल सका है. लापता व्यक्ति के परिजन फूट-फूट कर रो रहे हैं और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. इस संबंध में आसनसोल दक्षिण थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, चिचुड़िया डंगालपाड़ा निवासी समर मुर्मू को शुक्रवार, 3 अक्तूबर को इलाज के लिए आसनसोल ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके साथ उनके रिश्तेदार रमेश हेम्ब्रम भी थे. शनिवार दोपहर को रमेश कुछ देर के लिए खाना खाने बाहर गये, लेकिन जब परिजन थोड़ी देर बाद समर मुर्मू से मिलने पहुंचे तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले. नर्सों और डॉक्टरों से पूछने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली. परिजनों ने पूरे अस्पताल परिसर में तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.

अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी

मरीज का कोई पता न चलने पर सोमवार रात परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद भी लापता व्यक्ति की खोज में कोई प्रगति नहीं हुई है. इस घटना ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश पैदा कर दिया है. चिचुड़िया ग्राम पंचायत सदस्य धनंजय गोप ने कहा कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद मरीज़ का गायब होना गंभीर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. वहीं, आदिवासी युवा गोष्ठी के अध्यक्ष बाबू उज्ज्वल ने अस्पताल प्रशासन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अगर पांच दिनों के भीतर मरीज का पता नहीं चला तो वे आंदोलन करेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन समर मुर्मू का इस तरह लापता होना अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न छोड़ गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >