14 दिन के लिए भेजा गया न्यायिक हिरासत में बीरभूम. जिले के कांकड़तला थाना इलाके के बडरा ग्राम स्थित गरीबपाड़ा में शुक्रवार देर रात बस स्टैंड से बाइक लेकर घर लौट रहे तृणमूल कांग्रेस के एक नेता शेख नियामुल की रॉड, पत्थर आदि से हमला कर पीट पीट कर हत्या कर दी गयी थी. इस घटना में पुलिस ने शनिवार देर रात एक आरोपी शेख अकबर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि शेख अकबर को थाना क्षेत्र के कोइथी ग्राम से गिरफ्तार किया गया. रविवार को आरोपी को पुलिस ने दुबराजपुर अदालत में पेश किया. अदालत ने आरोपी को 14 दिनों के लिए जेल हिरासत में भेज दिया है. हालांकि इस घटना में शामिल मूल आरोपी शेख कालू अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है. बीती रात पुलिस ने शेख कालू के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया था लेकिन वह घटना के बाद से ही फरार बताया जा रहा है. इस घटना को लेकर रविवार को भी गांव में उत्तेजना और तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है. हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजन और समर्थक आवाज बुलंद कर रहे हैं. शुक्रवार देर शाम तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख नियामुल की पीट पीट की बेरहमी से हत्या कर बाइक को आग लगाकर फूंक दिया गया था. मृतक के परिवार के लोगों का आरोप है कि तृणमूल के दूसरे गुट के शेख कालू के समर्थकों ने ही शेख नियामुल पर हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या की है. मिली जानकारी के मुताबिक शेख नियामुल तृणमूल कांग्रेस के नेता उज्ज्वल हक कादेरी गुट का समर्थक था. वहीं शेख कालू तृणमूल नेता स्वपन सेन के गुट का समर्थक है. इलाके के जमालपुर में अवैध बालू घाट दखल को केंद्र कर जमकर बमबाजी की घटना हुई थी. आरोप है कि इस बमबाजी में इन्हीं दोनों गुटों का हाथ था. पुलिस हत्या मामले में मूल आरोपी शेख कालू की तलाश में जगह जगह अभियान चला रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
