बांसकोपा डकैती कांड में नौवें आरोपी की गिरफ्तारी, केस में आया नया मोड़

डकैती में लूटी गयी राशि 40 लाख रुपये से अधिक होने की बात

आसनसोल/दुर्गापुर. बांसकोपा डकैती कांड के मामले में एक नया मोड़ आ गया है, पीड़ित ने 40,10,000 रुपये के साथ तीन मोबाइल फोन लूटे जाने की शिकायत कांकसा थाने में की थी. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लूटी गयी राशि 40 लाख रुपये से कहीं अधिक है. जिसकी आधिकारिक जानकारी पीड़ित ने मुहैया करा दी है. यह राशि कितनी है, इसे लेकर अभी रहस्य बरकरार है. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने नौंवे आरोपी के रूप में पानागढ़ बाजार इलाके के निवासी लोकेश कक्कड़ (50) को गिरफ्तार किया है. इन नौ में से सिर्फ एक आरोपी अहमदाबाद का निवासी कार्तिक झा के अलावा सभी पुलिस की रिमांड में हैं. कार्तिक फिलहाल न्यायिक हिरासत में है. पुलिस सभी आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है. लूटा गया पैसा कहां है, पुलिस इसकी जानकारी जुटाने में लगी है. मालदह जिले में तैनात कस्टम विभाग में निरीक्षक पद के दो अधिकारी संदीप झा और मोतीलाल विश्वास के नेतृत्व में इस डकैती कांड को अंजाम देने का आरोप है. पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं. जांच खुफिया विभाग (डीडी) की टीम कर रही है. गौरतलब है कि मालदह जिला में तैनात कस्टम विभाग के दो अधिकारी संदीप झा (35) और मोतीलाल विश्वास (39) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एनएच-19 पर बांसकोपा टोलप्लाजा के पास एक वाहन को हाइजैक किया और हथियार के बल पर उस वाहन में मौजूद 40 लाख रुपये लूट लिये. साथ ही वाहन में सवार दो लोगों के पास से दस हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, गाड़ी के कागजात लेकर निकल गये. 12 सितंबर 2025 को भोर पौने पांच बजे यह घटना हुई. महेसना (गुजरात) जिले के निवासी व शिकायतकर्ता पटेल हर्षद भाई ने 24 सितंबर को इसकी शिकायत कांकसा थाने में की. पुलिस ने डकैती की प्राथमिकी दर्ज की. जांच का दायित्व खुफिया विभाग की टीम ने संभाला. 24 घंटे के अंदर ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और अबतक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. इसी बीच यह सूचना मिली है कि लूटी गयी राशि 40 लाख रुपये से अधिक थी. यह राशि लेकर गुजरात निवासी श्री पटेल पटना से कोलकाता जा रहे थे. जिसे रास्ते में ही कस्टम आधिकारियों ने मिलकर लूट लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >