बीरभूम.
जिले के सिउड़ी थाना क्षेत्र के लंबोदरपुर के पास तेज गति में बिहार के भागलपुर से कोलकाता जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान से भि़ड़ गयी, जिससे बस के चालक की मौत हो गयी, जबकि बस में सवार करीब 15 यात्री घायल हो गये. घटना के बाद बचाव कार्य करते हुए स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बस के अंदर से घायल यात्रियों को निकाला और नजदीकी सिउड़ी सदर अस्पताल ले गये. वहां दो घायलों को छोड़ कर बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. बुरी तरह जख्मी दो लोगों का वहां उपचार चल रहा है. घायलों में मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा शख्स भी है, जिसकी हालत अस्पताल में खतरे में बतायी गयी है. हादसे में यात्री बस व मकान दोनों क्षतिग्रस्त हुए हैं. शुक्रवार रात दुर्घटना की खबर पाते ही आधी रात को पुलिस वहां पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य किया. बस में करीब 50 यात्री सवार थे. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार शुक्रवार रात 12: 45 बजे हादसा हुआ है. मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के भागलपुर से 50 यात्रियों को लेकर बस कोलकाता जा रही थी. रास्ते में सिउड़ी थाना क्षेत्र के लंबोदरपुर के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे मकान से भिड़ गयी. भिड़ंत इतनी तगड़ी थी कि मकान के सामने का हिस्सा टूट गया और बस के भी आगे का भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में बस के चालक की मौत हो गयी. हादसे के दौरान बस में सवार लगभग सभी यात्री सो रहे थे. हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गये हैं. दो यात्रियों को छोड़ कर अन्य सबको प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. शनिवार सुबह पुलिस दर्घटनाग्रस्त बस को बरामद कर थाने ले गयी. घटना के बाद क्षतिग्रस्त मकान के मालिक ने कई स्थानीय लोगों के साथ मिल कर क्षतिपूर्ति की मांग पर विक्षोभ जताया. पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
