कांकसा थाना पहुंची सीआइडी टीम दोनों क्षतिग्रस्त कारों का लिया जायजा

पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना इलाके के पानागढ़ बाजार राइस मिल रोड पर रविवार मध्य रात हुई सड़क दुर्घटना में युवती सुतंद्रा चटर्जी (27) की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने के बाद अब सीआइडी सक्रिय हो गयी है.

पानागढ़.

पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना इलाके के पानागढ़ बाजार राइस मिल रोड पर रविवार मध्य रात हुई सड़क दुर्घटना में युवती सुतंद्रा चटर्जी (27) की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने के बाद अब सीआइडी सक्रिय हो गयी है.

सोमवार को मृतका की मां तनुश्री चटर्जी ने पुलिस के बयान को निराधार बताते हुए रोष जताया था. इस बीच, मंगलवार को दुर्गापुर सीआइडी की एक टीम कांकसा थाना पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त कारों का निरीक्षण किया. जांच दल में ऑफिसर तापस पाल, आशीष गायन समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. जब तापस पाल से पूछा गया कि क्या यह मामला सीआइडी को हैंडओवर किया जा रहा है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है. हालांकि, टीम ने करीब एक घंटे तक मामले की गहन जानकारी ली.

दूसरी ओर, पुलिस ने दुर्घटनास्थल राइस मिल रोड मोड़ की घेराबंदी कर दी, ताकि कोई सबूत से छेड़छाड़ न कर सके. लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के 15 घंटे बाद पुलिस ने यह कदम उठाया, जिससे कई महत्वपूर्ण सबूत पहले ही नष्ट हो सकते हैं.

एसीपी ने बबलू यादव के घर और गोदाम में की जांच

इसी मामले को लेकर मंगलवार को कांकसा एसीपी सुमन कुमार जायसवाल ने पानागढ़ के कबाड़ी पट्टी में व्यवसायी बबलू यादव के घर और गोदाम में जांच की. फरार बबलू यादव की तलाश में उनकी पत्नी और मां से पूछताछ की गयी.

मीडिया से बातचीत में एसीपी ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रविवार की रात दुर्घटना के समय सफेद कार को बबलू यादव ही चला रहे थे. रेसा-रेसी के कारण युवती की मौत हुई थी. एसीपी ने कहा कि बबलू यादव को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सफेद कार में मौजूद अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी.

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे बबलू यादव चार अन्य युवकों के साथ सफेद कार में बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल गया था. लौटते समय रास्ते में उन्होंने शराब पी थी. इसी दौरान चंदन नगर की युवती की कार से पहले हल्की टक्कर हुई, जिसके बाद मामला बिगड़ गया और दुर्घटना हो गयी.

जांच के दौरान पुलिस को सफेद कार में प्लास्टिक के डिस्पोजेबल गिलास, पानी की बोतल और स्नैक्स के पैकेट मिले हैं. इस मामले में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि यह छेड़खानी का मामला नहीं है, बल्कि आगे निकलने की होड़ के कारण दुर्घटना हुई है. मंगलवार को पुलिस ने दिनभर जांच पड़ताल की और सीआइडी टीम ने दुर्घटना में शामिल कारों की तस्वीरें लीं. पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की तैयारी में है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >