आसनसोल/नियामतपुर.
कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर इलाके में शनिवार को अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक चावल गद्दी को लूट लिया. नियामतपुर जीटी रोड किनारे बंधन बैंक के निकट चक्रवर्तीपाड़ा में स्थित सुनील गोयंका के चावल गद्दी में अपरान्ह तीन बजे तीन की संख्या में अपराधी दाखिल हुए और एकमात्र कर्मचारी राजेश गुप्ता को हॉल में बंद करके अपराधियों ने गल्ले में पड़ा करीब 50 से 60 हजार रुपये लेकर निकल गये. श्री गुप्ता किसी तरह वहां से निकले और पुलिस को सूचित किया. पुलिस जांच में जुट गयी है. प्राथमिक जांच में यह बात सामने आयी कि अपराधियों ने इस चावल गद्दी को लूटने के लिए प्लान किया और उसके आधार पर रेकी करने के बाद कांड को अंजाम दिया. चावल गद्दी के मालिक श्री गोयंका 17 फरवरी से इलाके में नहीं हैं. वे अपने परिवार के साथ बंगलुरू में बेटे के पास गये हुए हैं. अपराधियों ने इस जानकारी का भरपूर फायदा उठाया और कांड को अंजाम दिया. इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और पूरे इलाके की सीसीटीवी खंगाल रही है. नियामतपुर मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव सचिन भलोदिया ने कहा कि नियामतपुर में इसतरह पहले कभी नहीं हुआ, लेकिन अब यह हो रहा है. यह काफी चिंताजनक है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, उम्मीद है जल्द सुलझा लेगी.कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
17 फरवरी से चावल गद्दी के मालिक श्री गोयंका इलाके में नहीं है, सिर्फ एक कर्मचारी राजेश गुप्ता गद्दी को संभाल रहा है, इसकी जानकारी अपराधियों के पास थी. श्री गुप्ता गद्दी के मालिक के सबसे विश्वासी हैं और यह पहली बार नहीं कि श्री गोयंका उनके भरोसे गद्दी छोड़कर बाहर गये हैं. अनेकों बार श्री गुप्ता के भरोसे गद्दी छोड़कर बाहर गये हैं. 25 वर्षो से श्री गुप्ता उनके यहां काम कर रहे हैं. श्री गुप्ता के अनुसार ये तीनों अपराधी सुबह करीब ग्यारह बजे गद्दी में आये थे और रेट के साथ कुछ चावल का सैम्पल लेकर गये थे. अपरान्ह तीन बजे पुनः आये और अंदर गोदाम में चलकर चावल दिखाने को कहा. जैसे ही उन्हें लेकर गोदाम में गये, उनलोगों ने पीटना शुरू कर दिया और पीटते हुए और पीटते हुए उपर के हॉल में ले जाकर ताला बंद कर दिया. मालिक के घर की चाबी के साथ दुकान, गोदाम, कैशबॉक्स सभी का चाबी लेकर चले गये. कैश में 50-60 हजार रुपये पड़ा हुआ था, वह भी लेकर गये. पुलिस गद्दी के कर्मचारी को नियामतपुर पुलिस फांडी में बैठाकर लगातार पूछताछ कर रही है. सूत्रों के अनुसार पुलिस इस मामले की भी छानबीन कर रही है कि गद्दी के कर्मचारी की मिलीभगत से तो कांड को अंजाम नहीं दिया गया.
सीमा पर होने से सबसे संवेदनशील थाना है कुल्टी
बंगाल-झारखंड की सीमा पर स्थित कुल्टी को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के 17 थानाओं में से सबसे अहम माना जाता है. यहां इसीएल, बीसीसीएल और इस्को की कोयला खदानें हैं. नियामतपुर और कुल्टी इलाके में थोक कारोबार की मंडी है. छोटे-बड़े अनेकों उद्योग हैं. झारखंड बंगाल सीमा पर एनएच-19 पर डुबूडी नाका है. पर्यटन केंद्र कल्यानेश्वरी और मैथन है. काफी प्रतिष्ठित रेडलाइट एरिया है. जिसके कारण यह थाना को काफी अहम माना जाता है और दूसरे राज्यों के अपराधियों के डेरा जमाने का सबसे बड़ा गढ़ है. जिसके कारण यहां आपराधिक गतिविधि भी कुछ ज्यादा रहती है. कुल्टी के कुछ इलाके साइबर अपराधियों का गढ़ बना हुआ है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
