बर्नपुर : रहमतनगर यंग मेंस एसोसिएशन की ओर से रविवार की देर शाम रहमत नगर मे आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य की शहरी विकाश मंत्री अग्निमित्रा पाल का नागरिक सम्मान किया गया. मौके पर पूर्व बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार समेत संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री के सामने क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याएं रखीं. पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वह पूरे राज्य की मंत्री हैं और रहमतनगर समेत इस क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें उनके सामने रखी हैं. उन्होंने कहा कि ये आम लोगों की रोजमर्रा से जुड़ी समस्याएं हैं और इनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ बातचीत कर आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा. इस दौरान इलाके में स्थित एक जनाजागाह में शेड निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पूर्व बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार ने कहा कि स्थानीय लोगों की ओर से जनाजागाह में शेड बनाने का अनुरोध किया गया था. इस संबंध में पहले प्रयास भी हुए, लेकिन कुछ कारणों से काम पूरा नहीं हो सका. उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान मंत्री इस लंबित मांग को पूरा कराने की दिशा में पहल करेंगी. मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जनाजागाह में शेड निर्माण के लिए नगर निगम में आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना आश्चर्यजनक है. उन्होंने कहा कि वह इस मामले की जानकारी लेकर प्रयास करेंगी कि शेड का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराया जा सके. इसके साथ ही मंत्री ने क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी महिला लाइब्रेरी को भी दोबारा खुलवाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की जरूरतों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा. रहमतनगर में मंत्री के नागरिक सम्मान कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रखीं. अब क्षेत्रवासियों की नजरें सड़क मरम्मत, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, जनाजागाह में शेड निर्माण और बंद महिला लाइब्रेरी को दोबारा शुरू कराने की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.
रहमतनगर में मंत्री अग्निमित्रा पाल का नागरिक सम्मान, जनाजागाह में शेड और बंद महिला लाइब्रेरी शुरू कराने का दिया आश्वासन

सभा को सम्बोड़ित करती मंत्री | Prabhat Khabar Network
Copied link
पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बर्नपुर के रहमतनगर में जनाजागाह शेड बनवाने और बंद महिला लाइब्रेरी को जल्द शुरू करने का दिया आश्वासन. क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का किया वादा.