डेवलपमेंट बोर्ड बनाने का किया एलान फिरहाद होंगे चेयरमैन
मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना
हुगली : बंगाल की पहली मुख्यमंत्री हैं ममता बनर्जी जिन्होंने तारकेश्वर धाम का दर्शन किया. संदीप चटर्जी व अन्य पुरोहितों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा करायी. दर्शन के बाद ही सुश्री बनर्जी ने मंदिर के जीर्णोद्धार करने और उसके सौंदर्यीकरण के लिए तत्काल पांच करोड़ देने का ऐलान किया.
सभा मंच से तारकेश्वर के विकास के लिए डेवलपमेंट बोर्ड बनाने की भी घोषणा की. इस बोर्ड के चेयरमैन नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम, डिप्टी चेयरमैन बेचाराम मान्ना और देखभाल का दायित्व जिलाधिकारी संजय बंसल को सौंपा गया है.
तारकेश्वर में पांच एकड़ जमीन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रफुल्ल चंद्र सेन के नाम पर मेडिकल कॉलेज खोलने की भी घोषणा की गयी. साथ ही चंदननगर पुलिस कमिशनरेट भी सिंगूर व तारकेश्वर के बीच बनाने की बात की. साथ ही उच्च माध्यमिक व माध्यमिक परीक्षा में हुगली के बेहतर रिजल्ट को देखते हुए अभिनंदन नाम से एक नया विश्वविद्यालय खोलने की बात कही. तारकेश्वर बस स्टैंड के लिए एक करोड़, ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 50 लाख, कब्रिस्तान के लिए 20 लाख , रक्त संरक्षण केंद्र के लिए 40 हजार रुपये मंजूर करने की बात बतायी. आरामबाग में 300 बेड का सुपर स्पेसिलियटी अस्पताल, डानकुनी में मदर डेयरी में एक सब स्टेशन बांग्ला डेयरी नाम से बनाने की बात कही. चांपाडांगा में किसान मंडी खोलने की बात बतायी.
2,768 करोड़ की लागत से हुगली के 40 ब्लॉक में बाढ़ रोकने के लिए बांध बनाने की जानकारी दी. इसके निर्माण होने से 30 लाख लोग लाभान्वित होंगे. बलागढ़ के सबूज दीप को पर्यटन केंद्र, हंसेश्वरी मंदिर व गाजी पीर दरगाह के सौंदर्यीकरण का काम लगभग पूरा होगा. राजा राममोहन राय के नाम पर चुनामोड़ में पर्यटन केंद्र भी बनाने की बात कही.
