मंतेश्वर में कार श्रमिकों के ट्रैक्टर से टकरायी
पानागढ़/बर्दवान : पूर्व बर्दवान जिले के मंतेश्वर में माकपा के पूर्व विधायक हेदायतुल्लाह चौधुरी के बेटे हामिदुल्लाह चौधुरी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से शुक्रवार की देर शाम कार्य कर घर लौट रहे सात श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गये. इनमें से चार की मौत हो गयी. घायल तीन श्रमिक¨ों की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है.
घटना की जांच की जा रही है. पुलिस यह नहीं बता पा रही है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था? पुलिस ने कार मालिक के सहयोगी मोहम्मद सईद को हिरासत में लिया है. पुलिस अधीक्षक कुणाल अग्रवाल ने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है कि कार में कौन-कौन थे और क्या सभी ने शराब पी रखी थी?
स्थानीय निवासियों ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम जिले के मंतेश्वर थाना अंतर्गत कुसुम ग्राम पंचायत अधीनस्थ जयरामपुर ब्रिज के पास खड़े हैंड ट्रैक्टर पर सात श्रमिक सवार थे तथा अपने घर लौटने की तैयारी में थे. तभी तीव्र गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर उक्त वाहन से सीधे टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हैंड ट्रैक्टर ब्रिज के नीचे पानी मे जा गिरा. श्रमिकों की चीख- पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. पानी से भरे गड्ढे से उन्हें बाहर निकाला गया. स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें मंतेश्वर सरकारी अस्पताल में ले जाया गया. दो घायलों जुबानी मुर्मू (18) तथा फुलिन सोरेन (20) को चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया. शेष घायलो की स्थिति गंभीर देख कर उन्हें बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
शनिवार की सुबह घायल दो और श्रमिकों फते हांसदा (30) और राजेश राई (30) ने दम तोड़ दिया. शाम तक तीन घायल सोनामणि मूमरू, हारनी रशीद और शेख मोहम्मद सईद जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे. मृतकों में अधिकांश आदिवासी हैं. खेती में धान झड़ाई के लिये 23 श्रमिकों की टीम पुरुलिया से मंतेश्वर आयी थी.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चार शवों का पोस्टमार्टम करा उन्हें परिजनों तो सौंप दिया गया है. तीन की हालत गंभीर बनी हुई है.
कार पूर्व माकपा विधायक हेदायातुल्ला चौधुरी के पुत्र की है. यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के समय कार विधायक पुत्र चला रहा था या कार का चालक चला रहा था. मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद मची अफरा-तफरी में मौके का लाभ उठा कर चालक फरार होने में सफल रहा.
स्थानीय तृणमूल विधायक सैकत पांजा ने बताया कि माकपा के पूर्व बिधायक का पुत्र हामिदुल्ला चौधुरी ही शराब के नशे में चूर होकर तीव्र गति से कार चला रहा था. इस घटना के पहले कुसुम ग्राम में भी उसने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी. इसके बाद ही वह तेज गति से कार चलाने लगा था. ब्रिज के पास खड़े हैंड ट्रैक्टर को जबरदस्त टक्कर मार दी.
पूर्व माकपा विधायक हेदायातुल्ला चौधुरी ने बताया कि उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है. मीडिया प्रतनिधियों से खबर मिली है. कार कौन चला रहा था, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. उन्होंने घटना को लेकर दु:ख जताया. उन्होंने कहा कि वे मृतकों के परिजनों के साथ हैं. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. चालक की तलाश की जा रही है.
