मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रबंधन ने बजाया विशेष सायरन
यूनियन नेताओं ने स्थानीय सांसद की नीतियों की जम कर की आलोचना
बर्नपुर : आइएसपी के सीसीपी प्लांट में हुयी दुर्घटना में मृत ठेका श्रमिकों के परिजनों को नियोजित करने की मांग के समर्थन में प्लांट में सक्रिय सभी पांच केंद्रीय यूनियनों का संयुक्त धरना बुधवार को टनल गेट के समक्ष दूसरे दिन भी जारी रहा.
आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महासचिव हरजीत सिंह, अध्यक्ष गोरी शंकर सिंह, एबीके मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन (सीटू) के शांतिमय भट्टाचार्या, उपाध्यक्ष उत्तम चटर्जी, आयरन स्टील एंड इंजीनिंयरिंग वर्कर्स यूनियन (एचएमएस) के महासचिव मुमताज अहमद, यूनाईटेड आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (एटक) के आरएन सिंह, फौजदार अली तथौ बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव दीपक सिंह, रविशंकर सिंह, जावेद अख्तर आदि उपस्थित थे. सुबह 7.30 से लेकर शाम 5.30 बजे तक धरना जारी रहा. यूनियन की मांगो की प्रति फैक्स के जरिये सेल मुख्यालय (दिल्ली) भेजी गयी थी. जिसका अब तक कोई जबाव नही आने से यूनियन नेताओ में आक्रोश है. दूसरे दिन प्रबंधन ने शाम 4.30 बजे सायरन की आवाज पर प्रभावित श्रमिक ो की आत्मा की शांति के लिए शाम चार बजे एक मिनट का मौन धारण करने का अनुरोध किया. शाम को 4.30 बजे आइएसपी में एक सायरन बजाया गया. सभी यूनियन नेता तथा प्रभावित परिवार के सदस्यो ने सायरन के आवाज के साथ एक मिनट का मौन धारण किया.
यूनियन नेताओं ने कहा कि ठेका तथा स्थायी श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के किसी भी प्रतिष्ठान में दुर्घटना में मृत स्थायी तथा ठेका श्रमिकों के आश्रितों को नियोजित करने का प्रावधान है. लेकिन आइएसपी प्रबंधन इससे इंकार कर रहा है. उन्होंने कहा कि पांच श्रमिकों की मौत हुयी थई. इसमें से एक मृतक श्रमिक के आश्रित को नियोजन मिल गया है. चार अन्य के साथ पक्षपात किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रिय मृतक श्रमिकों के परिजनों के साथ खड़े न होकर प्रबंधन के साथ खड़े है. उन्होंने कहा कि गुरुवार को भी धरना जारी रहेगा. इसके बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जायेगी.
