एमइडी के मुख्य अभियंता अमित दास ने किया विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण
विभिन्न अभियंताओं से ली अद्यतन जानकारी, अधीक्षण अभियंता को दिये जरूरी निर्देश
आसनसोल : कोलकाता साल्ट लेक विकास भवन से म्युनिसिपल इंजीनियर ऑफ डाइरेक्टोरेट के चीफ इंजीनियर अमित दास ने आसनसोल नगर निगम अंतर्गत चल रही जल परियोजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधीक्षण अभियंता सुकमल मंडल से जल परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और वाटर विभाग के इंजीनियरों से विचार विमर्श कर जरूरी निर्देश दिये.
अधीक्षण अभियंता श्री मंडल के नेतृत्व में नगर निगम के वाटर विभाग के इंजीनियरों की टीम के साथ श्री दास ने नगर निगम के वाटर रिजर्वरों, पंप हाउसों का निरीक्षण किया. श्री दास ने कुल्टी में चल रहे वाटर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जल्द से जल्द वाटर प्रोजेक्ट को पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने सूर्यनगर में पंपिंग स्टेशन, पाइप लाइन का निरीक्षण किया. रानीगंज पंपिंग स्टेशन में सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों से पंपों की स्थिति एवं रख रखाव की जानकारी ली. टीम सदस्यों ने केएसटीपी शीतला स्थित पांच लाख गैलन वाटर क्षमता वाले निर्माणाधिन वाटर रिजर्वर का मुआयना किया. उन्होंने अधीक्षण अभियंता श्री मंडल से निर्माणाधीन वाटर रिजर्वर के निर्माण की समय सीमा और उस रिजर्वर से जल सप्लाइ किये जाने वाले स्थानों के बारे में जानकारी ली.
अधीक्षण अभियंता श्री मंडल ने कहा कि साउथ धदका में वाटर रिजर्वर है. जिससे रेल पार, कल्याणपुर, केएसटीपी, धदका संलग इलाकों में जल सप्लाइ की जाती है. परंतु इलाके की बढ़ती आबादी और गर्मियों में पेयजल की बढ़ती मांग के अनुरूप पुराने रिजर्वर से मांग के अनुरूप जल सप्लाइ संभव नहीं हो पा रही है. इलाके से गुजरने वाले ओवर हेड वाटर पाइप लाइन से रेलपार अंचल में सैकडों घरों, दुकानों के लोगों ने अवैध वाटर कनेक्शन ले रखे हैं.
लोग घरों, दुकानों से गुजरने वाले पाइप लाइनों में चोरी छिपे छेद कर पाइप से पानी कनेक्शन ले लेते हैं. कई जगहों पर नलों में टेप नहीं है. टेप न होने से 24 घंटे नलों से गिर कर पानी बर्बाद होता रहता है. इससे रिजर्वर में पर्याप्त पानी होते हुए भी लोगों को जरूरत के अनुरूप सप्लाइ नहीं हो पाती है. श्री दास ने अधीक्षण अभियंता श्री मंडल को निर्माणाधिन वाटर प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने, गर्मियों में निगम इलाकों में जल संकट न हो इसके लिए पर्याप्त तैयारी करने का निर्देश दिया.
