इकतरफा प्यार में विवाहित युवक ने बच्चों की मां पर बनाया दबाब साथ चलने का
सैर कर रहे लोगों ने दिखायी हिम्मत, दबोचा हमलावर को, पिटाई के बाद सौंपा पुलिस को
आसनसोल : हीरापुर थाना अंतर्गत स्थानीय बैगन कॉलोनी निवासी रिंटू चौधरी ने रविवार को स्थानीय पोलो ग्राउंड के पास मॉर्निग वाक करने आयी कुमारपुर निवासी महिला पर टूटे बोतल से वार कर दिया. जिससे महिला का हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया. मॉर्निग वाक कर रहे अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया तथा उसकी बुरी तरह से पिटाई की. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस संबंध में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. यह मामला इकतरफा चाहत का है. हालांकि गिरफ्तार युवक तथा पीड़िता दोनों विवाहित हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि पीड़िता कुमारपुर की निवासी है तथा रोजाना पोलो ग्राउंड में सुबह की सैर के लिये आती है. रविवार की सुबह भी वह सैर कर रही थी. अचानक रिंटू चौधरी उसके सामने आ गया. महिला ने उससे बच कर निकलने की कोशिश की. लेकिन रिंटू ने उसका रास्ता रोक लिया. रिंटू ने उससे बलपूर्वक बात करने की कोशिश की. पीड़िता के विरोध करने पर उसने पास पड़ी बोतल को उटा लिया तथा उसे पत्थर पर तोड़ कर उससे हमला कर दिया. महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की. इस कारण उसके हाथ पर टूटे बोचस से चोट लगी तथा उसका हाथ कट गया. उसने शोर मचाना शुरू किया.
सैर कर रहे लोगो ने हिम्मत दिखायी तथा हमलावर युवक को पकड़ लिया. इसके बाद उसकी बुरी तरह से पिटाई की गयी. बाद में उसे गश्ती पुलिस के हवाले कर दिया गया. घायल महिला को इलाज के लिए एचएलजी अस्पताल में ले जाया गया.
पीड़िता की मां रूकसाना बेगम ने कहा कि उसकी लड़की प्रतिदिन संत जोसेफ स्कूल अपने बच्चे को लाने के लिए जाती है. जहां रिंटू चौधरी भी संत मेरी गोरेटी गल्र्स स्कूल से अपनी बच्ची को लाने के लिए जाता है. वहीं से उसने पीड़िता को तंग करना शुरू किया.
पीड़िता के स्तर से कोई रेसपांस नहीं मिलने के बाद उसने बल प्रयोग करना शुरू कर दिया. यहां तक कि उसने उनकी बेटी के अपहरण का भी प्रयास किया. पीड़िता ने इसकी जानकारी परिजनों को दी थी. उन्होंने कहा कि रविवार को हद हो गयी. उसने उसका रास्ता रोक लिया.बात बिगड़ते देखकर शराब की बोतल के टुकड़े से उसकी हत्या करने का प्रयास किया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सनद रहे कि रिंटू वैगन कॉलोनी में रहता है. उसका विवाह हो चुका है. उसकी एक लड़की है. वह धर्मपुर में किसी निजी मालिक के यहां कार्य करता है. स्थानीय निवासियो के अनुसार अपराधिक गतिविधियो में रिंटू की संलिप्तता रही है.
