आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना अंतर्गत गोपालपुर निवासी 15 वर्षीया किशोरी व कक्षा नौंवी की छात्र को शादी का झांसा देकर उसका अपहरण तथा शारीरिक शोषण किया गया. सोमवार को पीड़िता के परिजन आसनसोल महिला थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचे.
लेकिन मामले की जानकारी लेकर शिकायत दर्ज कराने के बजाय परिजनों को पुलिस कर्मियों द्वारा वापस लौटा दिया गया. इसके पश्चात भाजपा महिला मोर्चा के महिला सदस्यों ने थाना परिसर में हंगामा किया. इसके बाद शिकायत दर्ज की गयी. इस मामले में जमुई (बिहार) जिला अंतर्गत बनगामा निवासी नीरज यादव, उसके पिता गुलाब यादव, बच्चू यादव, मां तथा अज्ञात पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया गया. पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री नाबालिग है तथा वह कक्षा नौंवी की छात्र है.
बीते नौ जून को नीरज उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर अपने परिजनों के साथ मिल कर उसका अपहरण कर लिया. काफी खोजबीन करने के पश्चात बीते 10 जून को आसनसोल साउथ पीपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी गयी. कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. बीते एक जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी जसीडीह स्टेशन पर है.
वह वहां जाकर उसे वापस घर ले आये. लेकिन मानसिक तनाव तथा समाज में बदनामी के भय के कारण दोबारा थाना में शिकायत नहीं दर्ज करायी. पीड़िता ने बताया कि नीरज ने उसे अपने प्रेम के जाल में फंसाया तथा नौ जून को शादी का झांसा देकर उसे स्कूल से लेकर बेंगलुरू चला गया. वहां एक मंदिर में उसके साथ शादी रचायी.
20 दिनों तक दोनों उस शहर में किराये के मकान में रहे. एक दिन नीरज ने खुद को शादीशुदा तथा एक बच्चे का पिता बता कर उसे घर से बाहर निकाल दिया. किसी तरह वह वापस जसीडीह स्टेशन पहुंची. नीरज ने उसका कई दिनों तक यौन शोषण किया.
भाजपा महिला मोर्चा की रेखा भट्टाचार्य ने पुलिस पर मामला दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए बताया कि पीड़िता के परिजन बीते चार दिनों से आसनसोल साउथ पीपी तथा आसनसोल महिला थाना का चक्कर काट रहे थे. लेकिन शिकायत दर्ज नहीं हो रही थी. पुलिस अधिकारी इस मामले को मामूली घटना बता रहे थे. कक्षा नौंवी की छात्र को शादी का प्रलोभन देकर उसका अपहरण कर कई बार यौन शोषण किया गया.
पुलिस आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करे. आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर महिला मोर्चा न्याय दिलाने की मांग पर जोरदार आंदोलन करेगी. मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर तथा आसनसोल महकमा शासक के पास भी की गयी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
