25 कॉलेजों का संबर्धन इसी सत्र से

आसनसोल : बर्दवान यूनिवर्सिटी के तहत संचालित 25 विभिन्न कॉलेजों के संचालन का दायित्व इस शिक्षण सत्र से काजी नजरूल विश्वविद्यालय को सौंप दिया गया है. इसकी पुष्टि करते काजी नजरूल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सजल कुमार भट्टाचार्या ने कहा कि शीघ्र ही वे संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यो के साथ बैठक करेंगे. कुलपति डॉ भट्टाचार्या […]

आसनसोल : बर्दवान यूनिवर्सिटी के तहत संचालित 25 विभिन्न कॉलेजों के संचालन का दायित्व इस शिक्षण सत्र से काजी नजरूल विश्वविद्यालय को सौंप दिया गया है. इसकी पुष्टि करते काजी नजरूल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सजल कुमार भट्टाचार्या ने कहा कि शीघ्र ही वे संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यो के साथ बैठक करेंगे.
कुलपति डॉ भट्टाचार्या ने कहा कि बीते 10 मई को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कल्ला मोड़ स्थित विश्वविद्यालय के नये भवन का उद्घाटन किया था. इसके बाद से ही आसनसोल व दुर्गापुर महकमा के विभिन्न 25 अंडर ग्रेजुएट कॉलजों का इस विश्वविद्यालय से निबंधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने इन कॉलेजों के संचालन के दायित्व से संबंधित आदेश जारी कर दिया है.
उन्होंने कहा कि इसकी सूचना बर्दवान विश्वविद्यालय प्रशासन को भी दे दी गयी है. इन कॉलेजों के लिए बर्दवान विश्वविद्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शीघ्र ही वे इन सभी 25 कॉलेजों के प्राचार्यो को बैठक के लिए आमंत्रित करेंगे तथा इस संबंध में अगली कार्रवाई शुरू की जायेगी. उन्होंने कहा कि वित्तीय सत्र 2015-18 के छात्र-छात्रओं के लिए प्रमाण पत्र इसी विश्वविद्यालय से जारी किये जायेंगे.
उन्होंने कहा कि दो वर्ष पहले इस विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी थी. इस समय कॉलेज के संचालन के लिए सभी संबंधित सुविधाएं विश्वविद्यालय के पास मौजूद है. विभिन्न अधिकारियों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू की गयी है. प्रक्रिया शुरू होने के कारण कई जटिलताएं सामने आ रही हैं, लेकिन चालू प्रक्रिया में इन सबका समाधान हो जायेगा. इस संबँध में उच्च शिक्षा विभाग व बर्दवान विश्वविद्यालय प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है.
सनद रहे कि राज्य सरकार ने वर्ष 2012 में विद्रोही कवि काजी नजरूल इस्लाम की जयंती पर इस विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की थी. राज्य सरकार की मंजूरी के बाद 16 अगस्त, 2012 को इसकी स्थापना से संबंधित अधिसूचना जारी की गयी थी.
राज्य सरकार ने तीन दिसंबर को इसकी कुलपति के रूप में डॉ अनुराधा मुखर्जी की नियुक्ति की थी. उन्होंने इसकी बुनियादीगतिविधियों को संचालित करना शुरू किया. 10 जनवरी को मुख्यमंत्री सुश्री बनर्जी ने स्थानीय पोलो ग्राउंड में आयोजित समारोह में इस विश्वविद्यालय के भवन का शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया. शुरूआती दौर में इसका संचालन दो भवनों से किया गया. कुलपति का कार्यालय आसनसोल कोर्ट के पीछे स्थित लोक निर्माण विभाग के भवन में स्थापित किया गया. पहले वर्ष चार विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू की गयी.
इनमें बंगाली, अंग्रेजी, इतिहास व गणित शामिल थे. इनकी कक्षाएं बीसीडब्ल्यू होस्टल भवन में किया जाता था. वर्ष 2014 में चार अन्य विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू की गयी. इनमें एजुकेशन, हिंदी, राजनीतिक विज्ञान व एम कॉम शामिल थे. इनकी कक्षाएं बर्नपुर में संचालित होती थी. अब कार्यालय व कक्षाएं कल्ला स्थित विश्वविद्यालय के भवन में संचालित होंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >