आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के विभिन्न विभागों में कार्यरत कैजुअल कर्मियों ने आसनसोल म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन कैजुअल वर्कर्स कमेटी के बैनर तले मंगलवार को प्रशासक तापस बनर्जी से मुलाकात कर स्थायीकरण किये जाने की मांग की. साथ ही प्रशासक से स्थायीकरण किये जाने में पक्षपात का आरोप लगाते हुए सभी कैजुअल कर्मियों को स्थायीकरण करने का लिखित आश्वासन देने की मांग पर अड़ गये. जिससे कई बार कमेटी के लोगों के साथ प्रशासक की बहस हुई.
नेतृत्व कर रहे कमेटी के अध्यक्ष आफताब आलम ने बताया कि नगर निगम के सभी विभागों में कार्यरत कैजुअल कर्मियों के स्थायीकरण में प्रशासक तापस बनर्जी ने पक्षपात करते हुए कुछ कर्मियों की सूची तैयार कर भेज दी है. बीते शुक्रवार को इसका विरोध किये जाने पर उन्होंने सोमवार को स्थायीकरण किये जाने का लिखित आश्वासन देने का वादा किया था लेकिन सोमवार को वो कार्यालय में अनुपस्थित थे.
लिखित आश्वासन नहीं देने पर कैजुअल कर्मियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन कर अंत में अनिश्चिकालिन हड़ताल की जायेगी. प्रशासक श्री बनर्जी द्वारा कोई आश्वासन नहीं देने से नाराज कैजुअल कर्मियों ने बुधवार को भी उनका घेराव करने की चेतावनी देकर वापस लौट गये. प्रशासक द्वारा मामले में सकारात्मक पहल नहीं किये जाने से कैजुअल कर्मियों में रोष बढ़ता जा रहा है.
