आसनसोल : जमुई (बिहार) स्थित एसबीआइ शाखा से जुड़े एटीएम सेंटर से जमुई निवासी मिलन शर्मा के बैंक एकाउंट से फरजी तरीके से रुपया निकालने तथा गबन करने के मामले में जमुई थाना कांड संख्या 53/ 2013 के भादवि की धारा 403/ 406/420 के तहत कुल्टी थाना पुलिस की मदद से जमुई थाना पुलिस ने बराकर से आरोपी रामप्रीत यादाव को गिरफ्तार कर उसे शनिवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया. कोर्ट से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड की मांग की.
कोर्ट ने सुनवाई करते हुए उक्त आरोपी को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की. पुलिस उक्त आरोपी को 15 जून को जमुई जिला कोर्ट में पेश करेगी. ज्ञात हो कि बिहार के जमुई निवासी मिलन शर्मा ने रामप्रीत यादव के खिलाफ बीते 12 मार्च 2013 को लिखित शिकायत दर्ज की थी. जिसमें उक्त आरोपी के खिलाफ उनकी एसबीआई जमुई शाखा बैंक से उनके एटीएम द्वारा प्रथम बार 8 फरवरी को 40 हजार रुपया तथा उसके बाद दो बार 15 हजार रुपया करके 30 हजार रुपये निकाले गये. आरोपी ने कुल 70 हजार रुपया फरजी तरीके से निकाला था.
