सड़क जाम कर दी गिरफ्तारी

कांग्रेस के बाराबनी ब्लॉक कार्यालय पर तृणमूल का कब्जा आतंक की इस राजनीति के खिलाफ होगा आंदोलन आसनसोल/रुपनारायणपुर : बाराबनी रेल गेट के पास स्थित बाराबनी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में बदल गया. कांग्रेस के झंडे को हटाकर तृणमूल का झंडा लगाया गया. कार्यालय में लगे प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन […]

कांग्रेस के बाराबनी ब्लॉक कार्यालय पर तृणमूल का कब्जा
आतंक की इस राजनीति के खिलाफ होगा आंदोलन
आसनसोल/रुपनारायणपुर : बाराबनी रेल गेट के पास स्थित बाराबनी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में बदल गया. कांग्रेस के झंडे को हटाकर तृणमूल का झंडा लगाया गया. कार्यालय में लगे प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के फोटो को बाहर फेंक दिया गया.
थाने में कांग्रेस नेता की शिकायत दर्ज नहीं की गयी. इधर कार्यालय दखल किये जाने के विरोध में पार्टी कर्मियों ने आसनसोल दक्षिण थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. जीटी रोड को जाम कर दिया. जाम हटाने पहुंची पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई. पुलिस ने एक दर्जन से अधिक नेताओं व कर्मियों को हिरासत में लिया. बाद में उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया.
कांग्रेस के जिला सचिव सुधाकर दत्ता ने बताया कि तृणमूल के कर्मियों ने मंगलवार की सुबह जबरन पार्टी कार्यालय पर कब्जा कर लिया. पार्टी के कागजात व प्रदेश अध्यक्ष श्री चौधरी के फोटो को बाहर फेंक दिया गया. विरोध करने पहुंचे कर्मियों को बुरे अंजाम की धमकी देकर खदेड़ दिया गया. इस गुंडागर्दी की शिकायत थाना प्रभारी ने करने पर उन्होंने शिकायत लेने से इंकार कर दिया. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देख कर तृणमूल आतंक फैला रही है. कुछ माह पूर्व बाराबनी तृणमूल के पूर्व अध्यक्ष मनू राय भाजपा में शामिल हुये थे. श्री राय ने अपनी जमीन पर तृणमूल का प्रखंड कार्यालय बनाया था.
उन्होंने उस कार्यालय को भाजपा कार्यालय में बदलने का प्रयास किया. पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया. कार्यालय को पुलिस ने सील कर उस क्षेत्र में 144 धारा लगाकर 24 सौ घंटों के लिये दो सीपीवीएफ जवानों की तैनाती कर दी. बाराबनी रेल गेट कांग्रेस कार्यालय में एक ही घटना घटी. 40 साल पूर्व यह कार्यालय उन्होंने बनाया था.
तृणमूल नेता पप्पू उपाध्याय ने कहा कि विधायक विधान उपाध्याय की मौजूदगी में भनौड़ा मोड़ पर कुछ दिन पूर्व सभी कांग्रेसी नेता व कर्मी तृणमूल में शामिल हो गये. उन्होंने ही अपने कार्यालय को तृणमूल कार्यालय में बदल दिया.
इधर आसनसोल में बाराबनी ब्लॉक कार्यालय पर कब्जा के विरोध में पार्टी कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. दोषी लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग पर सड़क जाम कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिये रैफ कर्मियों को उतारकर हंगामा कर रहे कांग्रेस कर्मियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ कांग्रेस कर्मियों की जम कर धक्का-मुक्की हुई. पुलिस ने पार्टी नेता रवि उल इस्लाम, इंद्राणी मिश्र, जीतू सिंह, एसएम मुस्तफा, मुनीर बेग, चंडी चटर्जी, शशि दुबे, शाहिद परवेज,शंभू गुप्ता, मामून रशिद समेत दर्जनों कर्मियों को हिरासत में लेकर साउथ थाना ले गयी. स्थिति नियंत्रण में होने के बाद सभी कांग्रेस कर्मियों को छोड़ दिया.
कांग्रेस जिला महासचिव श्री दुबे तथा जिला सचिव श्री परवेज ने कांग्रेस कार्यालय को दखल तृणमूल कांग्रेस द्वारा किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा राज्य में विरोधी दलों के कार्यालय पर कब्जा करने की गंदी राजनीति की जा रहा है.
जिसे देखते हुए राज्य की पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है. तृणमूल कांग्रेस राज्य में गणतंत्र की हत्या कर अकेले सत्ता पर कब्जा करना चाहती है. जो राज्य में राजनीतिक दलों के भविष्य के लिये अच्छा नहीं है. बाराबनी में कांग्रेस कार्यालय पर कब्जा करने वाले तृणमूल कर्मियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं किये जाने पर पूरे महकमा में कांग्रेस द्वारा जोरदार आंदोलन किया जायेगा. कांग्रेस द्वारा सड़क जाम किये जाने के कारण काफी समय तक जीटी रोज में वाहनों का परिचालन बाधित रहा.
इधर तृणमूल के जिलाध्यक्ष वी शिवदासन उर्फ दासू ने कहा कि बाराबनी के कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अपने सहयोगियों के साथ तृणमूल की सदस्यता ले ली है. इस स्थिति में यदि उन्होंने अपना कार्यालय बदला है तो इसमें कब्जे की बात कहां है? उन्होंने कहा कि चार वर्षो के शासनकाल में राज्य में काफी विकास हुआ है. इसे देख कांग्रेसी पार्टी में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसियों को तृणमूल में शामिल होना चाहिए. उन्हें उचित सम्मान दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >