11वीं में नामांकन लेते समय दिखानी होगी गंभीरता
आसनसोल : सीबीएसइ की दसवीं कक्षा के स्टूडेंट्स के लिए यह समय 11वीं में नामांकन की योजना का है. छात्रों की कैरियर प्लानिंग 11वीं में ही शेप लेने लगती है. इसलिए यह समय अभिभावकों के साथ छात्रों के लिए विषयों को लेकर गंभीर और सतर्क होने का है.
इनके लिए बेहद जरूरी है कि वह नामांकन से पहले कंबिनेशन (विषयों का समूह) सुनिश्चित कर लें. इसमें थोड़ी सी चूक और लापरवाही का दूरगामी प्रभाव होगा. सत्र 2015-16 से 11वीं कक्षा के लिए चुने गये विषयों में 12वीं में कोई फेर-बदल संभव नहीं होगा. बोर्ड ने अपने हालिया जारी परिपत्र (सकरुलर) में इस आशय का निर्देश दिया है.
विषयों में बदलाव
बोर्ड का यह फैसला सिर्फ संकाय पर ही लागू होगा. मगर यदि कोई विद्यार्थी अपने विषयों में बदलाव करना चाहता है, तो वह कर सकेगा. आर्ट्स संकाय में विषयों की संख्या काफी ज्यादा होती है. इस स्थिति में विद्यार्थी को यह लगता है कि 11वीं क्लास में उसके पास जो विषय थे, वे उसकी पसंद के मुताबिक नहीं है, तो वह 12वीं क्लास में उन विषयों की जगह दूसरे विषयों को चुन सकता है. बोर्ड के इस फैसले का कोयलांचल-शिल्पांचल के शिक्षाविदों ने स्वागत किया है. उनका मानना है कि अब स्ट्रीम चयन विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुसार कर सकेंगे, जिससे वह लाभान्वित होंगे. अभिभावक और खुद विद्यार्थी 11वीं क्लास में एडमिशन से पहले अच्छी तरह विचार-विमर्श करें, ताकि बाद में परेशानी न हो. 11वीं में चुनी हुई स्ट्रीम 12वीं में नहीं बदली जा सकती है.
छह विषयों में ऑनर्स, 11 विषयों में पास कोर्स की पढ़ाई
आसनसोल : हिंदी माध्यम शिक्षा विकास मंच आगामी सात जून को स्थानीय रवींद्र भवन में हिंदी माध्यम के उच्च माध्यमिक स्कूल के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेगा, जिन्होंने इस उच्च माध्यमिक परीक्षा में अपने-अपने स्कूलों में विभिन्न संकायों में टॉप चार में स्थान प्राप्त किया है.
इसकी तैयारी के लिए मंच की संयोजक मंडली की बैठक में रणनीति बनायी गयी. इसके साथ ही बीबी कॉलेज में खुले हिंदी माध्यम कॉलेज में छात्र-छात्राओं के नामांकन के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बनायी गयी.
मंच संयोजक डॉ अरुण पांडेय, मनोज यादव व मीना कुमारी ने बताया कि जिले में हिंदी माध्यम के 43 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष उच्च माध्यमिक की परीक्षा दी थी. उनका रिजल्ट अपेक्षाकृत बेहतर हुआ है. हालांकि भाषाई व तकनीकी कारणों से उनका प्रदर्शन बांग्लाभाषी छात्रों की तुलना में कमजोर रहा है. इसके कारण इन्हें प्रोत्साहन नहीं मिलता है, जबकि वे प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रदर्शन करते हैं. इस कारण मंच ने उच्च माध्यमिक हिंदी माध्यम के टॉपरों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है.
इस समारोह में राज्य के श्रम मंत्री मलय घटक, नगर निगम प्रशासक व विधायक तापस बनर्जी, जिलाशासक डॉ सौमित्र मोहन व पुलिस आयुक्त अजय नंद को आमंत्रित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि तीन सौ से अधिक छात्रों को सम्मानित करने की योजना है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर बीबी कॉलेज में हिंदी माध्यम कॉलेज की स्थापना की गयी है. इस शिक्षण सत्र से इसमें छह विषयों में यथा – गणित, दर्शन शास्त्र, जीव विज्ञान, इतिहास, कॉमर्स व भूगोल में ऑनर्स तथा ग्यारह विषयों में पास कोर्स की पढ़ाई होगी. इसमें ऑनलाइन नामांकन किया जायेगा. इस कॉलेज में पठन-पाठन की माध्यम भाषा हिंदी होगी. इससे इन छात्रों को काफी लाभ मिलेगा. इसके लिए मंच ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति बनायी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के स्तर से हिंदी माध्यम शिक्षा विकास के लिए जो सार्थक पहल हो रही है, इसकी पूर्ण सफलता के लिए जरूरी है कि इस अभियान में हिंदी प्रेमियों का भी सक्रि य योगदान हो. उन्होंने कहा कि उच्च माध्यमिक परीक्षा में हिंदी में प्रश्न पत्र दिये जाने की मांग के समर्थन में राज्य सरकार से पहल का आग्रह शीघ्र किया जायेगा.
