पुलिस आयुक्त का दायित्व दूसरी बार संभाला अजय नंद ने
आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमीश्नरेट के तीसरे पुलिस आयुक्त के रूप में अजय कुमार नंद ने सोमवार को दूसरी बार पुलिस आयुक्त का पद भार संभाला. उन्हें यह दायित्व निवर्त्तमान पुलिस आयुक्त विनित कुमार गोयल ने सौंपा. दायित्व संभालते ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट मैच की तर्ज पर कमीश्नरेट क्षेत्र के चार थानेदारों का तबादला कर दिया.
इसके साथ ही उन्होंने कमिश्नरेट के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मैराथन बैठक की.श्री नंदा के नेतृत्व में ही इस पुलिस कमीश्नरेट की स्थापना एक सितम्बर,2011 की गयी थी.
16 अगस्त, 2013 को उनका तबादला किया गया था तथा श्री गोयल ने उनसे प्रभार ग्रहण किया था. इसके दो वर्ष पूरे होने से पहले ही 25 मई को श्री नंद ने श्री गोयल से प्रभार ग्रहण किया.
वे कमीश्नरेट के तीसरे आयुक्त बने. इसके पूर्व सोमवार ग्यारह बजे वे पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे. उनका इंतजार कर रहे श्री गोयल ने उनका स्वागत किया. साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण किया. पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अरिंदम दत्ताचौधरी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) पंकज द्विवेदी, एसीपी (वेस्ट) अभिषेक राय, एसीपी (डीडी) असित पांडेय, एसीपी (सेंट्रल) शौभनिक मुखर्जी, एसीपी (एसबी) तन्मय मुखर्जी आदि उपस्थित थे. पुलिस आयुक्त श्री नंदा सहित उपस्थित सभी अधिकारियों ने पूर्व पुलिस आयुक्त श्री गोयल को विदाई दी.
श्री नंदा सोमवार को पदभार ग्रहण करते ही अधिकारियों को लेकर शाम साढ़े चार बजे तक मैराथन बैठक की. पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र के कार्य का ब्यौरा लिया. जो अनसुलङो मामले है उसपर भी चर्चा की और अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि दायित्वों को बेहतर ढ़ंग से अंजाम देने तथा जनता के साथ बेहतर संबंध बनाने की दिशा में कार्य करना होगा. टी-20 क्रिकेट की तर्ज पर प्रभार लेते ही उन्होंने चार थानेदारों का तबादला आदेश जारी कर दिया. आसनसोल नॉर्थ थाना के थानेदार दिव्येंदू दास का तबादला खुफिया विभाग में किया गया तथा उनके स्थान पर खुफिया विभाग में कार्यरत अशोक बोस को थाना प्रभारी बनाया गया.
निवर्त्तमान पुलिस आयुक्त के करीबी रहे आसनसोल साउथ थाना के प्रभारी संजय चक्रवर्ती को हटाकर खुफिया विभाग में लाया गया और खुफिया विभाग के अर्घ मंडल को आसनसोल साउथ थाना का प्रभार सौंपा गया है.
दुर्गापुर थाना के थानेदार चंद्रनाथ चक्रवर्ती को जामुड़िया थाना का दायित्व दिया गया है. दुगरपुर थानेदार के रूप में किसी का पदास्थापन नहीं किया गया है. जबकि जामुड़िया थाना के प्रभारी सुजीत मुखर्जी को भी खुफिया विभाग में भेजा गया है. इन तबादलों को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा का बाजार गर्म है.
उदिति का संचालन फिर होगा शुरू
पुलिस आयुक्त श्री नंदा ने प्रभार ग्रहण करने के बाद कहा कि उनके कार्यकाल में मुख्य भूमिका निभानेवाली और इस समय बंद उदिति को नये सिरे से शुरू किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस संस्थान की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है.
इस बात की भी समीक्षा की जायेगी कि किन कारणों से इसे बंद करना पड़ा. उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में कई ऐसे कार्य रह गये हैं.
उन कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जायेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दूसरी बार उनपर भरोसा जताकर कमिश्नरेट का दायित्व सौंपा है. इसे पूरी इमानदारी से निभाना ही उनका कार्य होगा.
उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट क्षेत्र के कुछ थाने यथा सालानपुर, चित्तरंजन, कुल्टी झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण अंतर्राज्यीय गिरोह के अपराधी इन क्षेत्रों में सक्रिय रहते है. इनपर अंकुश लगाना और कमिश्नरेट को अपराध मुक्त रखना कानून व्यवस्था को मजबूत बनाये रखना ही प्राथमिकता होगी. कमिश्नरेट क्षेत्र में ट्राफिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की नींव श्री नंदा ने अपने कार्यकाल में रखी थी. इसपर उन्होंने कहा कि ट्राफिक व्यवस्था दुरुस्त रहने से दुर्घटना और अपराध पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिलती है.
इसलिये ट्राफिक व्यवस्था को और भी मजबूत किया जायेगा और खुफिया विभाग को और भी मजबूत कर उसकी सक्रियता बढ़ायी जायेगी. उन्होंने कहा कि शहर में विधि व्यवस्था को और अदिक दुरु स्थ करने के लिए बाइक सवार पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ायी जायेगी. मोबाइल टीमों को अधिक सक्रिय किया जायेगा तथा संचार तंत्र को अदिक मजबूत किया जायेगा.
