रूपनारायणपुर : विधायक विधान उपाध्याय और बाराबनी ब्लॉक तृणमूल के अध्यक्ष असित सिंह की मौजूदगी में रविवार को भानोड़ा मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल हुए.
इनमें बाराबनी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेश बाउरी, बाराबनी पंचायत समिति सदस्य शीला देवी, बाराबनी ग्राम पंचायत के उपप्रधान अजीत बाउरी, कांग्रेस जिला कमेटी के सदस्य मोचीराम बाउरी, पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य प्रवीर मित्र, इंटक नेता राजेंद्र पासवान मुख्य रूप से शामिल थे. विधायक श्री उपाध्याय ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने जो विकास कार्य किये, वह पिछले चालीस वर्षो में नहीं हुआ था.
राज्य के लोगों को विकास का सही अर्थ अब समझ में आ रहा है. सुश्री बनर्जी के आदशरे से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल हो रहे है. यह पार्टी व सरकार के सही कार्यो का सबसे बड़ा प्रमाण है. प्रखंड अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि बाराबनी प्रखंड में तृणमूल का व्यापक जनाधार है. विरोधी दलों का कोई औचित्य नहीं है.
जो थोड़े बहुत बचे हुए थे, संगठन के आदर्शो से प्रभावित होकर वे लोग भी तृणमूल की सदस्यता ग्रहण कर ली. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बाराबनी क्षेत्र जीत के अंतर का नया रिकार्ड बनायेगा. कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष श्री बाउरी ने कहा कि राज्य और क्षेत्र में जो विकास की गंगा बह रही है.उसका विरोध नहीं किया जा सकता है.
