बांकुड़ा : बांकुड़ा सदर थाना अंतर्गत पोआबागान के निकट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल शंकर शीट(57) की ट्रक के धक्के से मौत हो गयी. वह बांकुड़ा के कमरार माठ का निवासी था.
घटना के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे के करीब पुलिस का एक दल पोआबागान के निकट बिसपुरिया मोड़ पर गश्ती लगा रहा था. इसी क्रम में खांतड़ा से बांकुड़ा की ओर आ रहे ट्रक की चपेट में आने से शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके साथी कर्मी उसे लेकर बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज पहुंचे लेकिन उसकी हालत बिगड़ती देख उसे दुर्गापुर मिशन अस्पताल भेज दिया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बांकुड़ा पुलिस अधीक्षक एन सुधीर कुमार ने कहा कि कांस्टेबल शंकर शीट की ड्यूटी के वक्त दुर्घटना में मौत हो गयी. वह बांकुड़ा सदर थाना में पदस्थ था. घटना से थाने में शोक है. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. चालक फरार है.
वाहन की चपेट में आने से मौत
बर्दवान. खाना जंक्शन से कुलगड़िया चट्टी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से राहगीर महिला प्रतिमा राय (40) की मौ1त घटनास्थल पर ही हो गयी. वह गलसी थाना के उड़ा घटि गांव की निवासी थी. पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. घटना से परिजन हतप्रभ है.
