सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
बांकुड़ा : जिले की गंगाजलघाटी थाना पुलिस ने टाटा सूमो से भारी मात्र में डेटोनेटर बरामद किया है. मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुयी है.
घटना के अनुसार शाम को गंगाजलघाटी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विस्फोटक से भरी टाटा सूमो बांकुड़ा शहर की ओर जा रही है. कार्रवाई करते हुये पुलिस ने टाटा सूमो पीछा किया.
पुलिस को पीछा करते देख अपराधी टाटा सूमो को एक सुनसान जगह पर खड़ी कर भाग खड़े हुये. पुलिस ने टाटा सूमो को जब्त कर तलाशी शुरू की तो उसमें से भारी मात्र में डेटोनेटर बरामद हुआ. इसकी कीमत 25 हजार रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने बताया कि टाटा सूमो बांकुड़ा शहर की ओर से आ रही थी. गुप्त सूचना पाकर उसका पीछा किया गया.
उसे आमडांगरा में खड़ी कर बदमाश फरार हो गये. सूमो बांकुड़ा की ही है. गाड़ी मालिक का पता लगाया जा रहा है. मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. गंभीरता से जांच की जा रही है.
