जंगलमहल इलाके की विकास योजनाओं की समीक्षा की सीएम ने
बांकुड़ा : बांकुड़ा जिले के दो दिवसीय सफर के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को रायपुर के कृष्णमोहिनी सर्खेल स्मृति विद्यापीठ के निकट सबूज संघ परिसर में आयोजित समारोह में 50 से अधिक विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन किया. इसके पूर्व उन्होंने प्रशासनिक बैठक कर चल रहे विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी तथा योजनाओं को समय पर पूरा करना होगा.
मंगलवार की सुबह से ही बांकुड़ा सर्किट हाउस के बाहर ममता को देखने के लिए भीड़ लगी रही. पुलिस प्रशासन के स्तर से सुरक्षा की क ड़ी व्यवस्था थी. दोपहर को मुख्यमंत्री का काफिला बांकुड़ा झाड़ग्राम सड़क की ओर कूच किया. रायपुर में आयोजित समारोह में उन्होंने 50 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया.
खातड़ा सब डीविजन अस्पताल में ब्लड बैंक, रानीबांध में नयी प्रशासनिक भवन, बांकुड़ा में राष्ट्रीय कल्याण भवन में महिलाओं के लिये 100 बिस्तरवाले छात्रवास, पात्रशायर ब्लॉक में पांच हजार मैट्रिक टन क्षमता का गोदाम, खातड़ा में फायर स्टेशन, सोनामुखी में आइटीआइ, बांकुड़ा सदर में अल्पसंख्यक भवन एवं नूतन सर्किट हाउस के सभाकक्ष का उदघाटन किया गया. जिले के विभिन्न ब्लॉकों में नवनिर्मित 59 सड़कों का उद्घाटन रिमोट से हुआ. विष्णुपुर में युवा आवास निर्माण, बांकुड़ा के आईलाकांदी में ट्रेनिंग सेंटर कम मार्केटिंग कंप्लेक्स का निर्माण, बिकना में डोकरा शिल्पियों के लिये कॉमन फेसिलिटि सेंटर, छातना में एक सौ बीमार क्षमता के होस्टल निर्माण, राज्य सड़कों का आधुनिकीकरण, 25 सौर शक्ति चालित नलकूप निर्माण इत्यादि कई योजनाओं का शिलान्यास किया गया.
समारोह के दौरान कन्याश्री, गीतांजली से लेकर किसान क्रेडिट कार्ड, महिला स्मृद्धि योजना, आमार फसल आमार बाड़ी, बाइसाइकिल वितरण, लोक कलाकारों को परिचय पत्र, धामसा मादल, पंप सेट से लेकर बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिये वातानुकूलित एंबुलेंस की परिसेवा आदि का वितरण किया गया.
मुख्यमंत्री सुश्री बनर्जी ने दावा किया कि उन्होंने सरकार गठन के बाद 60 बार जंगल महल इलाके का दौरा कर चुकी हैं. राज्य मुख्यालय को ब्लॉक स्तर तक ले आयीं हैं.
वाममोर्चा सरकार के अंतिम तीन वर्षो में 12 हजार ग्रामीणों को जमीन का पट्टा मिला था.
जबकि उनकी सरकार ने 40 लाख गरीब ग्रामीणों को पट्टा दिया है. कन्याश्री के तहत राशि 500 से बढ़ा कर 750 रुपये की गयी है. आइएएस, आइपीएस हेतू 900 छात्रों को प्रशिक्षण दिया गया है. 800 ने सफलता पाई है. कक्षा आठ, नौ एवं 10 के छात्र छात्राओं के लिये 40 लाख साइकिल का ऑडर दिया गया है. 65 लाख किसान क्रेडिट कार्ड दिया गया है. चिकित्सा के क्षेत्र में एक से 18 वर्ष तक के बच्चों को कैंसर की चिकित्सा मुफ्त करायी जायेगी. मल्टी सुपर स्पेशलिटि हॉस्पीटल की संख्या 40 तक पहुंच गयी है.
सीएम का काफिला झाड़ग्राम की ओर बढ़ गया. मौके पर कपड़ा मंत्री श्याम मुखर्जी, सांसद मुनमुन सेन, सांसद सौमित्र खां, विधायक तथा अधिकारी उपस्थित थे. जिलाशासक विजय भारती ने कहा कि निर्मल बांग्ला अभियान के तहत रायपुर को जिले में प्रथम स्थान हासिल हुआ है. रायपुर ग्रामीण अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 30 से बढ़ा कर 100 की गयी है. भैरव बांकी ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हुआ है.
