दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के राजीव गांधी स्मारक मैदान में रविवार परिवहन विभाग द्वारा टोटो वाहनों की धड़-पकड़ किए जाने के खिलाफ आंदोलन करने को लेकर टोटो चालकों की ओर से बैठक बुलाई गयी.
बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में चलने वाले टीएन नंबर वाले सैकड़ों टोटो चालक एवं वाहन के मालिक मौजूद थे. बैठक के दौरान परिवहन विभाग द्वारा बेवजह परेशान किए जाने एवं सरकारी आदेश के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करने पर सहमति जताई गई.
इस दौरान बैठक के दौरान अशोक बरुआ ने बताया कि शहर में टीएन नंबर के अधीन कुल 759 टोटो चलाए जाते हैं. बिना नंबर वालों की संख्या हजारों के ऊपर है. लगातार बिना नम्बर वाले टोटो वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है.
जिससे नंबर वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. महकमा परिवहन विभाग की ओर से वाहनों की धड़-पकड़ तेज कर दी गई है. जिससे वाहन के मालिक अथवा चालकों का रोजी-रोटी छीनने की भय सता रहा है. पिछले दिनों कई इलाकों में परिवहन अधिकारी द्वारा 2 दर्जन से अधिक टोटो वाहनों को जब्त किया गया था.
पकड़े गए वाहनों को छुड़ाने में काफी परेशानी हुई थी. दूसरी तरफ सरकार नए तरीके से टोटो वाहनों को रूट परमिट देकर सरकारी तौर पर ई-रिक्शा खरीदने का दबाव दे रही है. जो मान्य नहीं है. सरकार की ओर से वाहनों को रूट परमिट दिए जाने पर टोटो चालकों को कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन पुराने टोटो को छोड़कर नयी ई-रिक्शा खरीदना टोटो चालकों के लिए मुश्किल है.
सरकार को पुराने टोटो वाहनों पर ही रूट परमिट देनी होगी. सरकार के इस आदेश का टोटो चालक मानने को तैयार नहीं हैं. सरकारी आदेशों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आंदोलन करना होगा. अन्यथा आने वाले समय में टोटो चालकों का रोजी-रोटी छीनने की संभावना प्रबल हो जाएगी.
