आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट इलाके में दंगा, उग्र प्रदर्शन तथा कानून व्यवस्था के उल्लंघन से मिलनेवाली चुनौती से निपटने तथा पुलिस कर्मियों को सुरक्षित रखने के लिए दो सौ सेट रोबो कॉप ड्रेस की खरीदारी की गई. कोलकाता और हावड़ा कमिश्नरेट में यह सुविधा पहले से ही है.
पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि 50 बॉडी कैम कैमरों की खरीदारी की गई. ये कैमरे रोबो कॉप ड्रेस के साथ लगे होंगे. हंगामे के दौरान वहां की स्थिति की पूरी वीडियो रिकार्डिंग इससे हो सकेगी. जांच में पुलिस के लिए यह काफी मददगार साबित होगा.
सनद रहे कि कुछ महीनों में पुलिस बल पर हमलों की घटनाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह के हमले के शिकार बने सर्किल इंस्पेक्टर अमिताभ सेन पिछले 15 दिनों से कोमा में है. पिछले वर्ष रानीगंज में गुटीय संघर्ष के दौरान पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अरिंदम दत्ताचौधरी के हाथ का अंगुलियां बम से उड़ गई थी. ड्यूटी के दौरान अनेक पुलिस कर्मी घायल होते रहे हैं.
पुलिस आयुक्त श्री सिंह ने पुलिसकर्मी की सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी है. उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दे रखी है कि किसी भी सिचुएशन में सुरक्षा के सारे उपकरणों का उपयोग होना चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के उल्लंघन के दौरान पुलिसकर्मी खुलकर कार्य न कर पायेंगे तो स्थिति को नियंत्रित करने में काफी समय लगता है.
इसी सोच के तहत दो सौ ड्रेस तथा 50 बॉडी कैम कैमरों की खरीदारी की गई. इस ड्रेस को पहनकर पुलिस कर्मी खुद को सुरक्षित रखते हुए कार्य कर सकेंगे. ड्रेस काफी हल्का है. इसपर पथराव, लाठी, रॉड आदि से हमले का कोई असर नहीं होगा. इसे पहनकर पुलिस कर्मी और भी फुर्ती के साथ कार्य कर पाएंगे.
उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्र में यह ड्रेस उपलब्ध कराया जायेगा. अधिकारी से लेकर पुलिस कर्मी इस ड्रेस को पहन कर हंगामे की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जायेंगे. यह ड्रेस फाईबर का है और काफी हल्का है. उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.
