98 फीसदी बूथों पर पारा मिलिट्री फोर्स, एक भवन में चार बूथ होने पर एक सेक्शन की तैनाती

आसनसोल : आसनसोल संसदीय क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 98 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर पारा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे. जिन भवन परिसरों में तीन बूथ होंगे, वहां आधा सेक्शन (चार) जवान और चार बूथ से अधिक होने पर एक सेक्शन (आठ) जवानों की तैनाती की गयी है. कुल […]

आसनसोल : आसनसोल संसदीय क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 98 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर पारा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे. जिन भवन परिसरों में तीन बूथ होंगे, वहां आधा सेक्शन (चार) जवान और चार बूथ से अधिक होने पर एक सेक्शन (आठ) जवानों की तैनाती की गयी है.

कुल 1015 भवन परिसरों में 1860 बूथ हैं. जिसमें 992 भवन परिसरों में पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की गयी है. इसके साथ ही अन्य जवानों को क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) में भी तैनात किया गया है.

पश्चिम बर्दवान जिला में सोमवार को होने वाले मतदान के लिए चुनाव आयोग ने पारा मिलिट्री फोर्स की कुल 87 कंपनियां (8700) तैनात की है. जिसमें से 80 कंपनी की तैनाती आसनसोल संसदीय क्षेत्र के लिए की गई है.
एक बूथ वाले 476 भवन
आसनसोल संसदीय क्षेत्र में कुल 1015 मतदान भवनों में से एक बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या 476, दो बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या 352, तीन बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या 99, चार बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या 65, पांच बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या 16, छह बूथ वाले मतदान भवनों की संख्या छह और सात बूथों वाले मतदान भवनों की संख्या एक है. तीन बूथ वाले मतदान भवन परिसरों में आधा सेक्शन जवान और चार से अधिक बूथ वाले केंद्र पर एक सेक्शन जवानों की तैनाती की गई है.
क्यूआरटी, आरटी, एचआरएफएस करेंगे गश्ती
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए मतदान के दौरान इलाके में 26 क्यूआरटी की टीम गश्त पर रहेगी. इस टीम में एक पुलिस अधिकारी, एक सेक्शन पारा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे. किसी भी सूचना पर यह टीम तत्काल वहां पहुंच जायेगी. सभी टीम के लिए रूट निर्धारित कर दिये गये हैं. पुलिस की 26 रेडियो ट्रांसमिशन (आरटी) वाहन और हैवी रेडियो फ्लाईंग स्क्वायड (एचआरएफएस) की टीम भी इलाके में गश्त लगायेगी. सभी टीमों के बीच आपसी तालमेल रहेगा.
तीन पर्यवेक्षक को सात विधानसभा की जिम्मेदारी
आसनसोल संसदीय क्षेत्र के लिए नियुक्त तीन पर्यवेक्षकों को सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है. साधारण पर्ववेक्षक जे मुरली को कुल्टी, बाराबनी और आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र की, पुलिस पर्यवेक्षक कृष्ण कुमार वीके को आसनसोल दक्षिण और रानीगंज विधानसभा क्षेत्र की तथा खर्च पर्यवेक्षक मृथीजंय एस को जामुड़िया और पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेवारी दी गई है. तीनों पर्यवेक्षक मतदान के दौरान गश्त पर रहेंगे. आम जनता या राजनैतिक पार्टी के लोग इनसे अपनी शिकायत कर सकते हैं.
युवा मतदाताओं की भूमिका निर्णायक
आसनसोल. आसनसोल संसदीय क्षेत्र के कुल मतदाता 16,14,917 में से 39 वर्ष उम्र तक के मतदाताओं की संख्या 8,13,385 है. जिसमें 18 से 29 वर्ष उम्र तक कुल मतदाता की संख्या 4,09,418 है. जबकि 30 वर्ष से लेकर 40 वर्ष तक की उम्र के मतदाताओं की संख्या 4,03,967, 40 वर्ष से 59 वर्ष के बीच उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 5,88,562 है. 60 वर्ष से 79 वर्ष उम्र के बीच मतदाताओं की संख्या 2,00,472 और 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले कुल मतदाताओं की संख्या 12,498 हैं.
पिछले दो दिनों से बढ़ी तापमान को देखते हुए चुनाव प्रतिशत में गिरावट की संभावना प्रबल हो गयी है. ऐसे में 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में गिरावट सबसे अधिक होने की आशंका जिला प्रशासन को है. ऐसे में युवा मतदाता ही उम्मीदवार के जीत हार का निर्णय करेंगे. आसनसोल संसदीय क्षेत्र में पहली बार मतदान करनेवाले नये मतदाताओं की संख्या 34,213 है.
20 से 29 वर्ष उम्र वालों में लिंग अनुपात समान
आसनसोल संसदीय क्षेत्र में कुल मतदाता 16,14,917 हैं. इनमें से 8,42,781 पुरुष, 7,72,092 महिला और 44 थर्ड जेंडर है. कुल आबादी 23,97,550 में से 67 प्रतिशत मतदाता है. पुरुषों की तुलना में महिला मतदाता की संख्या 70,679 कम है. लेकिन 20 से 29 वर्ष आयु वाले मतदाताओं में लिंग अनुपात समान है. पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,89,325 है. वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 1,85,867 है. बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में इस उम्र में महिला मतदाता की संख्या अधिक है. पुरुष की संख्या 24,514 है, वही महिला मतदाता की संख्या 25,400 है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >